रोहतक की ‘निपुण वाटिका’ को मिला राष्ट्रीय सम्मान: प्रारंभिक शिक्षा में नवाचार के लिए जीता स्कॉच अवार्ड-2026

रोहतक जिले के सरकारी स्कूलों में प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शुरू की गई अभिनव पहल ‘निपुण वाटिका’ ने प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड-2026 जीता है।

रोहतक की ‘निपुण वाटिका’ को मिला राष्ट्रीय सम्मान: प्रारंभिक शिक्षा में नवाचार के लिए जीता स्कॉच अवार्ड-2026
Image Source (Garima times)

रोहतक। सरकारी विद्यालयों में बुनियादी शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाने की दिशा में रोहतक जिले के एक अनूठे प्रयोग ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। जिले की महत्वाकांक्षी पहल ‘निपुण वाटिका’ को प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड-2026 के लिए चुना गया है। 19 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 11वें स्कॉच समिट में रोहतक प्रशासन को इस सम्मान से नवाजा जाएगा।

रटने के बजाय 'खेल-खेल में सीखने' पर जोर

इस नवाचार की परिकल्पना अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने की थी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए इस मॉडल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को रटने की प्रवृत्ति से बाहर निकालकर गतिविधि-आधारित शिक्षा देना है। कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व और शिक्षा विभाग के तालमेल से स्कूलों में विशेष लर्निंग सेंटर विकसित किए गए हैं, जहां इंटरैक्टिव टूल्स के जरिए बच्चे भाषा और गणित की बारीकियां आसानी से समझ रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:-  रोहतक की गुरुनानकपुरा कॉलोनी में 2 साल से दूषित पानी की सप्लाई, निवासियों ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम

पूरे हरियाणा के लिए बना 'रेफरेंस मॉडल'

रोहतक में इस प्रयोग की सफलता को देखते हुए हरियाणा सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के हर जिले में मॉडल बालवाटिकाएं स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिसके लिए रोहतक की निपुण वाटिका को आधार बनाया गया है। राज्य के अन्य जिलों के शिक्षा अधिकारियों ने भी रोहतक आकर इस मॉडल की कार्यप्रणाली को समझा है। इससे पहले हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा भी रोहतक के विभिन्न स्कूलों का दौरा कर इस बाल-केंद्रित व्यवस्था की सराहना कर चुके हैं।

जिले के लिए गौरव का क्षण: उपायुक्त

उपायुक्त सतबीर सिंह ने इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि निपुण वाटिका ने पुरस्कार की सभी कठिन मूल्यांकन प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पार किया है। उन्होंने कहा कि यह मॉडल आज पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन चुका है और सरकारी स्कूलों के बच्चों को बेहतर व रचनात्मक माहौल देने में मील का पत्थर साबित हो रहा है। वहीं, एडीसी नरेंद्र कुमार ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और सहयोगी संस्थानों के सामूहिक प्रयासों को दिया है।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का आयोजन, जवानों को सिखाए गए दंगा निरोधक उपकरण चलाने के गुर