हरियाणा CM की बैठक में पहुंचे कांग्रेस के सस्पेंडेड विधायक: विकास कार्यों की समीक्षा जारी, कल विधानसभा का स्पेशल सेशन
चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास पर सरकार के दो साल के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक चल रही है,
हरियाणा की राजनीति में आज बड़ी हलचल देखने को मिली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर प्रदेश के विकास कार्यों और सरकार के दो साल के कार्यकाल की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में भाजपा के सभी विधायकों, मंत्रियों और विभिन्न सरकारी विभागों के सचिवों व उच्चाधिकारियों को बुलाया गया है।
इस बैठक की सबसे खास और चर्चा का विषय बनी बात यह है कि इसमें कांग्रेस पार्टी से निलंबित किए गए चार विधायक-जरनैल सिंह, रेणुबाला, शैली चौधरी और मोहम्मद इसराइल भी शामिल हुए हैं। गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग के आरोप में कांग्रेस हाईकमान ने इन विधायकों को पार्टी से सस्पेंड कर दिया था।
इसे भी पढ़ें:- पंजाब में अकेले दम पर सरकार बनाएगी कांग्रेस, भाजपा-अकाली दल का आधार खत्म: भूपेंद्र सिंह हुड्डा
बैठक में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे हरियाणा सरकार के दो साल के कामकाज से पूरी तरह खुश हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर विकास कार्यों की समीक्षा के लिए यह बैठक बुलाई गई है और सरकार की समीक्षा बैठक में कोई भी विधायक शामिल हो सकता है।
इसके अलावा, कल यानी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर सुबह 11 बजे हरियाणा विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र (स्पेशल सेशन) भी बुलाया गया है। माना जा रहा है कि आज की इस समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं के हिसाब-किताब के साथ-साथ कल होने वाले विधानसभा के विशेष सत्र की रणनीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा हो सकती है।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा बेरोजगारी भत्ता योजना 2026-27: पात्र युवाओं से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, मिलेगा 2,000 रुपये तक मासिक भत्ता




