देवउठनी एकादशी पर रोहतक में शादियों की धूम, 125 बैंक्वेट हॉल फुल और मंदिरों में भव्य आयोजन

देवउठनी एकादशी के अबूझ मुहूर्त पर रोहतक में बड़ी संख्या में शादियां होने जा रही हैं, जिससे शहर के करीब 125 बैंक्वेट हॉल और मैरिज गार्डन पूरी तरह बुक हो गए हैं।

देवउठनी एकादशी पर रोहतक में शादियों की धूम, 125 बैंक्वेट हॉल फुल और मंदिरों में भव्य आयोजन

देवउठनी एकादशी के साथ ही रोहतक में मांगलिक कार्यों और शहनाइयों की गूंज फिर से सुनाई देने वाली है। अबूझ मुहूर्त होने के कारण शहर में बड़ी संख्या में जोड़े सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे।

शादियों के बढ़ते दबाव के चलते शहर के छोटे-बड़े लगभग 125 बैंक्वेट हॉल और मैरिज गार्डन देवउठनी एकादशी के लिए पूरी तरह बुक हो चुके हैं। भारी मांग के कारण बुकिंग दरों में भी तेजी देखी जा रही है, जहां कई बैंक्वेट हॉल ढाई लाख से 6 लाख रुपये तक में बुक हुए हैं, जबकि बड़े और लग्जरी रिसॉर्ट्स व बैंक्वेट हॉल इससे कहीं अधिक कीमतों पर पहले ही बुक हो चुके हैं। विवाह समारोहों के साथ-साथ हलवाई, बैंड-बाजा, कैटरिंग, फूलों की सजावट और ज्वेलरी बाजार में भी रौनक बढ़ गई है।

इसे भी पढ़ें:- शादी का सीजन शुरू होते ही रोहतक के बाजार गुलजार, दुल्हनों की पसंद बने डिजाइनर लहंगे और ज्वेलरी

दूसरी ओर, धार्मिक स्थलों पर भी आस्था का माहौल देखने को मिलेगा। पीपल वाली गली स्थित प्राचीन खाटू श्याम मंदिर में बाबा श्याम के जन्मोत्सव और एकादशी को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर को रंग-बिरंगे देशी-विदेशी फूलों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया है।

मंदिर के पुजारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि देवउठनी एकादशी का दिन श्याम भक्तों के लिए बेहद पवित्र होता है और इस अवसर पर मंदिर परिसर में दो दिवसीय कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। शुक्रवार शाम को मंदिर में भव्य महाकीर्तन आयोजित होगा, जिसके दौरान बाबा श्याम को 151 पान का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। श्री श्याम जन्मोत्सव मनाते हुए केक काटा जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे और महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आयोजन के अंतर्गत अर्पण स्कूल में दिव्यांग बच्चों के साथ जन्मोत्सव की खुशियां साझा करते हुए उन्हें मिठाइयां और उपहार भी दिए जाएंगे।

इसे भी पढ़ें:- देवउठनी ग्यारस: जानें हिंदू धर्म में इसका महत्व, पौराणिक मान्यताएं और तुलसी विवाह की परंपरा