रोहतक छठ घाट मर्डर केस: 2 नाबालिगों समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, घटना का वीडियो देने वाले को 31 हजार रुपये इनाम देगी पूर्वांचल समिति
भालौठ सब ब्रांच नहर पर 16 नवंबर को छठ पूजा के दौरान चाकू मारकर युवक की हत्या करने के मामले में रोहतक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
रोहतक: भालौठ सब ब्रांच नहर पर 16 नवंबर को छठ पूजा के दौरान चाकू मारकर युवक की हत्या करने के मामले में रोहतक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आईएमटी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस वारदात में शामिल दो नाबालिगों समेत कुल छह आरोपियों को काबू कर लिया है। दूसरी ओर, घटना के पुख्ता सबूत जुटाने के लिए पूर्वांचल एकता समिति ने वारदात का वीडियो उपलब्ध कराने वाले को 31 हजार रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है।
इसे भी पढ़ें:- गुरुग्राम साइबर ठगी: PayU सर्वर हैक कर ₹25.67 करोड़ उड़ाने के मामले में लुधियाना के दो आरोपी गिरफ्तार
छठ पूजा के दौरान हुए विवाद में गई थी जान मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले (गांव जगदीशपुर मुसापुर, थाना सशसरंजन) का रहने वाला विक्रम पुत्र शंकर, जो वर्तमान में रोहतक के माल गोदाम रोड पर किराए के मकान में रहता था, 16 नवंबर की सुबह अपने परिवार के साथ छठ पूजा मनाने नहर पर गया था। इसी दौरान घाट पर हुए झगड़े में हमलावरों ने विक्रम और उसके भाई विक्की पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में विक्रम की मौत हो गई, जबकि विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया।
भीड़ बनी रही तमाशबीन, कंधे पर उठाकर अस्पताल ले गया छोटा भाई
मृतक के छोटे भाई विनय ने घटना के वक्त की भयावह स्थिति बयां करते हुए बताया कि उनकी बाइक पुल के पास बाहर खड़ी थी। हमले के बाद वह अपने घायल भाइयों को करीब आधा से एक किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर भागे। विनय का आरोप है कि घाट पर एम्बुलेंस मौजूद होने के बावजूद मदद के लिए नहीं आई। वहां मौजूद सैकड़ों लोगों की भीड़ भी केवल तमाशा देखती रही; न तो किसी ने घायलों को संभाला और न ही हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक: महम के अजायब गांव में शराब ठेके के पास मिला 34 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
वीडियो देने वाले की पहचान रखी जाएगी गुप्त
इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पूर्वांचल एकता समिति के प्रधान संजीव सिंह ने कहा कि पावन पर्व के दिन हुई इस हत्या ने पर्व की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने बताया कि घटना के समय घाट पर कई लोग अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। समिति ने अपील की है कि यदि किसी के पास इस वारदात की वीडियो फुटेज है, तो वह समिति को सौंपे। वीडियो देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और उसे 31 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा, ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस
आईएमटी थाना प्रभारी राजकरण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घाट पर युवक की चाकू गोदकर हत्या करने वाले छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिग शामिल हैं, जिनका संबंध उत्तर प्रदेश और बिहार से है। पुलिस सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि वारदात के पीछे की मुख्य वजह और इसमें इस्तेमाल हथियारों के बारे में गहराई से पूछताछ की जा सके।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक में युवक को होटल में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का आरोप, यौन हिंसा के मामले में कई युवकों पर केस दर्ज




