रोहतक में अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन: रुपया चौक की ग्रीन बेल्ट पर बने बैंक्वेट हॉल के 8 अवैध रास्ते होंगे बंद, पार्किंग भी हटेगी
रोहतक नगर निगम ने रुपया चौक से कन्हेली के बीच विकसित ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
रोहतक शहर की सुंदरता और पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए विकसित की गई ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। रुपया चौक से कन्हेली की ओर जाने वाले 200 फुट के हिस्से में बनी ग्रीन बेल्ट को नुकसान पहुंचाकर बैंक्वेट हॉल संचालकों द्वारा बनाए गए 8 अवैध रास्तों को अब पूरी तरह बंद किया जाएगा। इसके साथ ही, ग्रीन बेल्ट की जमीन पर कब्जा कर बनाई गई अवैध पार्किंग को भी हटाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पर्यावरण संरक्षण और शहर के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से रुपया चौक के पास ग्रीन बेल्ट तैयार की गई थी। आरोप है कि आसपास के बैंक्वेट हॉल संचालकों ने अपने निजी फायदे और मेहमानों की आवाजाही के लिए इस ग्रीन बेल्ट को तोड़कर 8 अवैध रास्ते बना लिए थे। इसके अलावा, हरित क्षेत्र के एक बड़े हिस्से को साफ कर वहां वाहनों के लिए अवैध पार्किंग विकसित कर दी गई थी।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक में भ्रष्टाचार के खिलाफ फूटा गुस्सा: जिला परिषद कार्यालय पर पार्षदों ने जड़ा ताला
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ग्रीन बेल्ट से जुड़े नियमों के उल्लंघन को लेकर पहले ही 4 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, इसके बावजूद मौके से करीब 200 लगाए गए पौधे गायब पाए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतक नगर निगम प्रशासन ने मौके पर निरीक्षण करने और अतिक्रमण हटाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही अभियान चलाकर सभी 8 अवैध रास्तों को बंद किया जाएगा और ग्रीन बेल्ट की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। अतिक्रमण हटने के बाद इस क्षेत्र में दोबारा पौधारोपण कर हरियाली बहाल की जाएगी, जिससे इलाके में लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी।




