रोहतक में कानून-व्यवस्था को लेकर आईजी हामिद अख्तर ने की उच्चस्तरीय बैठक, दिए सख्त निर्देश

रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हामिद अख्तर ने रोहतक जिले में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

रोहतक में कानून-व्यवस्था को लेकर आईजी हामिद अख्तर ने की उच्चस्तरीय बैठक, दिए सख्त निर्देश

रोहतक: पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रेंज, हामिद अख्तर ने आज रोहतक जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक रोहतक कार्यालय पहुंचने पर एसपी गौरव राजपुरोहित ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक में रोहतक एसपी के अलावा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बेहतर समन्वय और सतर्कता पर जोर बैठक के दौरान आईजी हामिद अख्तर ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और क्षेत्र की परिस्थितियों पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए समय रहते कदम उठाए जाने चाहिए। इसके साथ ही, पुलिस टीमों के बीच प्रभावी तालमेल और उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग पर भी विशेष बल दिया गया।

इसे भी पढ़ें:-रोहतक में जुटेगी राष्ट्रीय टीम, हरियाणा में संगठन विस्तार की तैयारी में CJP

जन-संवाद और त्वरित कार्रवाई के निर्देश आईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास व सहयोग की भावना मजबूत हो सके। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि:

  • थानों में प्राप्त होने वाली हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

  • नाबालिग गुमशुदा बच्चों के मामलों में तुरंत अभियोग दर्ज कर बिना किसी विलंब के बच्चों को बरामद किया जाए।

  • थानों के सभी क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं और उनके रखरखाव का विशेष ध्यान रखा जाए।

आईजी ने कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी मामलों में संवेदनशीलता, निष्पक्षता और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक वैशाख बागी, सांपला के उप पुलिस अधीक्षक ऋषिकान्त, शहर के उप पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार लोहान, महम के उप पुलिस अधीक्षक तनुज शर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक में इनेलो युवा विंग के राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए वोटों की चोरी का आरोप लगाया।