रोहतक में करण चौटाला का भाजपा पर हमला, बोले- वोटों की चोरी हुई; पुलिस भर्ती और गन्ने के रेट पर भी उठाए सवाल
रोहतक में इनेलो युवा विंग के राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए वोटों की चोरी का आरोप लगाया।
रोहतक: इनेलो युवा विंग के राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला ने रोहतक में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वोटों की चोरी के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि वोटों की चोरी हुई है। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मामले में भाजपा के नेता अचानक मैदान में क्यों उतर आए हैं।
करण चौटाला ने कहा कि भाजपा के नेताओं को आमने-सामने बैठाया जाए, ताकि उनसे सीधे सवाल किए जा सकें। उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी का मामला लगातार चर्चा में है और सरकार किस तरह दबाव बना रही है, यह सभी जानते हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि ज्ञानेश कुमार को लेकर भाजपा को क्या परेशानी है और पार्टी के नेताओं का इस मामले से क्या संबंध है।
हुड्डा की टिप्पणी पर बोले- जनता खुद करेगी फैसला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की ओर से की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए करण चौटाला ने कहा कि हुड्डा उनके बारे में कुछ भी कहें, उन्हें इसका जवाब देने की जरूरत नहीं है। वे अपनी जिम्मेदारियों और काम पर ध्यान देना पसंद करते हैं।
उन्होंने कहा कि वे न तो किसी पर कटाक्ष करते हैं और न ही पहले ऐसा करते आए हैं। आखिरकार जनता ही फैसला करेगी कि कौन कितने पानी में है।
रोहतक के सरकारी कॉलेज में छात्राओं के दो गुट भिड़े
पुलिस भर्ती में देरी को लेकर सरकार पर सवाल
करण चौटाला ने हरियाणा में पुलिस भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करीब एक साल पहले पुलिस भर्ती की घोषणा की थी। इसके बाद प्रक्रिया शुरू हुई और लगभग 5 लाख युवाओं ने आवेदन किया, लेकिन अब तक भर्ती पूरी नहीं हो पाई है।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि मामला अदालत में पहुंचता है तो भर्ती प्रक्रिया रद्द होने की नौबत आ सकती है। ऐसी स्थिति में युवाओं को दोबारा आवेदन करना पड़ सकता है। उन्होंने भर्ती में हो रही देरी को युवाओं के लिए परेशानी का कारण बताया।
गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग का समर्थन
किसानों की ओर से गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग का करण चौटाला ने समर्थन किया। उन्होंने इस मांग को जायज बताते हुए सरकार पर किसानों के मुद्दों को पर्याप्त महत्व नहीं देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की मांगों की चिंता करने के बजाय पंजाब की चिंता है। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन के कथित दुरुपयोग और सरकार में बैठे लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। करण चौटाला ने कहा कि समय आने पर ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी।




