रोहतक में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा ने मनाई बेटे की पहली सालगिरह, पत्नी की तस्वीर के सामने काटा केक
इस दौरान घर में दिवंगत पत्नी मुस्कान की फोटो के सामने केक काटा गया। मुस्कान ने करीब तीन महीने पहले आत्महत्या कर ली थी
रोहतक जिले के बहुअकबरपुर गांव के जाने-माने अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा ने अपने बेटे हार्दिक का पहला जन्मदिन बेहद भावुक माहौल में सेलिब्रेट किया। घर पर ही आयोजित इस छोटे से समारोह में केवल परिवार के करीबी सदस्य ही मौजूद रहे। बेटे के पहले जन्मदिन पर केक उस जगह काटा गया, जिसके बिल्कुल सामने उनकी दिवंगत पत्नी मुस्कान बल्हारा की तस्वीर रखी हुई थी।
गम के साये में पहला जन्मदिन करीब तीन महीने पहले मुस्कान बल्हारा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस दुखद घटना के बाद मृतका के पिता ने शीलू बल्हारा और उनके परिजनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कराई थी। इस गंभीर मामले को सुलझाने के लिए कई दिनों तक गांव और समाज के स्तर पर पंचायतों का दौर चला।
समझौते के बाद वापस हुआ केस दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत और पंचायती फैसलों के बाद एक सहमति बनी। तय समझौते के अनुसार, शीलू बल्हारा ने अपने बेटे हार्दिक के नाम 50 लाख रुपये की फिक्स डिपॉजिट, एक मकान और कुछ जमीन करने का निर्णय लिया। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद शीलू के ससुर ने दर्ज कराया गया मामला वापस ले लिया।
न्यूजीलैंड में चमका शीलू का नाम बेटे के जन्मदिन के इस खास मौके पर हार्दिक काफी खुश नजर आया। वहीं, शीलू बल्हारा ने भी अपनी पत्नी की मौत के गहरे सदमे और आंसुओं को छुपाते हुए चेहरे पर मुस्कान के साथ बेटे का यह दिन खास बनाया।
गौरतलब है कि शीलू हाल ही में न्यूजीलैंड से एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर लौटे हैं। वहां उन्होंने 'बेस्ट कैचर' का खिताब अपने नाम किया और 1200 डॉलर की पुरस्कार राशि जीती। न्यूजीलैंड के इस दौरे पर उन्होंने 'बे ऑफ प्लेंटी' और 'शेर-ए-पंजाब' जैसी नामी टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी टीम को फाइनल मुकाबले तक पहुंचाया और शानदार जीत दिलाई।




