रोहतक में कामरेड इंद्रजीत सिंह का भाजपा पर तीखा हमला: बोले- 'अब भाजपा के बुरे दिन शुरू, विपक्ष को देशद्रोही बताना गलत'
रोहतक के जसबीर स्मारक में अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड इंद्रजीत सिंह ने भाजपा सरकार और उसकी नीतियों पर जमकर निशाना साधा।
कामरेड इंद्रजीत सिंह का भाजपा पर बड़ा हमला, 26 नवंबर को बहादुरगढ़ में प्रतिरोध सभा का ऐलान
रोहतक स्थित जसबीर स्मारक में अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड इंद्रजीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्र व राज्य सरकार पर तीखे राजनीतिक और नीतिगत हमले किए। उन्होंने प्रदूषण, चुनावी कार्यप्रणाली और किसान हितों से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।
प्रदूषण पर भाजपा नेताओं के बयान को बताया गैर-जिम्मेदाराना
कामरेड इंद्रजीत सिंह ने पटाखों से होने वाले प्रदूषण पर भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे भाजपा के लोग "वैज्ञानिक" बन गए हैं।
"दिल्ली या देश के किसी भी हिस्से में जाकर देख लें, दिवाली के बाद लोगों को जिस तरह की सांस लेने में घुटन महसूस हो रही है, वह चिंताजनक है। फेफड़ों में जहरीली हवा जाना एक बेहद गंभीर और आपराधिक विषय है, और किसी भी राजनीतिक व्यक्ति को इस पर गैर-जिम्मेदाराना बयान नहीं देना चाहिए।"
"भाजपा के बुरे दिन आए, चुनाव नतीजों में जनता सिखा रही सबक"
अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय राजनीतिक स्थितियों का जिक्र करते हुए इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भाजपा अब चारों तरफ से घिर चुकी है।
"जिन विदेशी ताकतों या वैश्विक नेताओं का ये हवाला देते थे, आज उनकी स्थिति खराब हो चुकी है। देश के भीतर भी जहां चुनाव हो रहे हैं, जनता भाजपा को सबक सिखा रही है। यहां तक कि नागपुर में MLC सीट भी ये हार चुके हैं। इनके अब बुरे दिन आ गए हैं।"
मतदाता सूचियों और लोकतंत्र पर उठाए सवाल
INDIA गठबंधन द्वारा लोकतंत्र बचाने की मुहिम का समर्थन करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के मतदान के अधिकार को प्रभावित किया जा रहा है।
"SIR और फॉर्म-6 से जुड़े जो फर्जीवाड़े सामने आए हैं, उन्हें अब चुनाव आयोग को भी स्वीकार करना पड़ रहा है। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ही छूटे हुए फॉर्म भरने की इजाजत मिली है।"
उन्होंने रामलीला मैदान में जुटी भीड़ का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा की स्थिति अब 'खिसयानी बिल्ली खंबा नोचे' जैसी हो गई है।
"विपक्ष को देशद्रोही कहना घिसा-पिटा आरोप"
सेना के जवानों के बीच दिवाली मनाने और राजनीतिक बयान देने पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा:
"फौज की वर्दी पहनकर विपक्ष को 'दिमागी नक्सल' या देशद्रोही कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। किसान आंदोलन के समय भी कभी खालिस्तान, तो कभी पाकिस्तान और विदेशी फंडिंग के आरोप लगाए गए थे। अगर विपक्ष देशद्रोही है, तो अमेरिका के साथ मुक्त व्यापार समझौता कौन कर रहा है?"
26 नवंबर को बहादुरगढ़ में होगी बड़ी किसान सभा
बातचीत के दौरान कामरेड इंद्रजीत सिंह ने किसानों की मांगों को लेकर आगामी आंदोलन की रूपरेखा साझा की:
-
मुख्य मांग: गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल तय किया जाए।
-
शहीद स्मारक: किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले 750 किसानों की याद में एक स्मारक बनाया जाए।
-
आयोजन: टिकरी बॉर्डर आंदोलन की बरसी के अवसर पर 26 नवंबर को बहादुरगढ़ में हरियाणा किसान मोर्चा के बैनर तले एक विशाल प्रतिरोध सभा का आयोजन किया जाएगा।




