रोहतक के झज्जर रोड पर बेखौफ बदमाशों का तांडव: रेवड़ी दुकानदार को दुकान में घुसकर पीटा, सिर पर कांच का जार फोड़ा

मामूली विवाद के बाद हमलावरों ने लोहे की रॉड और कांच के जार तीन लोगों पर हमला किया और दुकान में तोड़फोड़ की।

रोहतक के झज्जर रोड पर बेखौफ बदमाशों का तांडव: रेवड़ी दुकानदार को दुकान में घुसकर पीटा, सिर पर कांच का जार फोड़ा
Image source (Bhaskar)

रोहतक के व्यस्त झज्जर रोड पर बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने बीच बाजार एक रेवड़ी की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की और दुकानदारों पर लोहे की रॉड व कांच के मर्तबान से हमला कर दिया। घटना के समय पास के मोड़ पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन हमलावर सरेआम वारदात को अंजाम देकर धमकी देते हुए फरार हो गए।

पार्किंग को लेकर हुई थी कहासुनी पीड़ित दुकानदार मनीष सैनी के मुताबिक, मंगलवार शाम को साहिल और तरुण नाम के दो युवकों के साथ दुकान के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन देर रात करीब 10 युवक एक्टिवा और बुलेट बाइक पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे।

दुकान में घुसकर ताबड़तोड़ हमला दुकान के अंदर मनीष, उनका भाई महेश सैनी और साथी साहिल जिंदल मौजूद थे। हमलावरों (जिनमें सन्नी और तरुण शामिल थे) ने दुकान में घुसते ही तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने मनीष को खींचकर बाहर निकाला और लोहे की रॉड व दुकान में रखे कांच के भारी जार सिर पर फोड़ दिए। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल स्थानीय दुकानदारों ने रोहतक पुलिस की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन मारपीट होते देखने के बावजूद वे बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आए।

पुलिस कार्रवाई आर्य नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। थाना प्रभारी सुशील ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।