रोहतक के कपड़ा शोरूम मैनेजर की हत्या: कैथल में शोरूम की ओपनिंग से लौटते समय युवकों ने मारी गोली
हरियाणा के सोनीपत में जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर कपड़ा शोरूम के सहायक मैनेजर प्रह्लाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
हरियाणा के सोनीपत में जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर कपड़ा शोरूम के सहायक मैनेजर प्रह्लाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने उत्तराखंड के रुड़की निवासी दोस्त के साथ कैथल में नए कपड़ा शोरूम की ओपनिंग से लौट रहे थे।
रास्ते में इको कार सवार दो युवकों ने उनकी कार को टक्कर मारी और फरार हो गए। प्रह्लाद और उनके दोस्त ने पीछा कर दोनों को रोक लिया। कार को हुए नुकसान की बात पर विवाद हुआ तो युवकों ने प्रह्लाद को गोली मार दी और मौके से भाग गए। गोली लगते ही प्रह्लाद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
उनके दोस्त ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उन्हें पीजीआई रोहतक पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।




