रोहतक में पटाखे को लेकर विवाद: शराब पी रहे युवकों ने दो भाइयों को लोहे की रॉड से पीटा, PGI में भर्ती

दिवाली की रात पटाखे पर विवाद, शराब पी रहे युवकों ने दो भाइयों को रॉड से पीटा, PGI में भर्ती

रोहतक में पटाखे को लेकर विवाद: शराब पी रहे युवकों ने दो भाइयों को लोहे की रॉड से पीटा, PGI में भर्ती
Image source (ETV Bharat)

 रोहतक के झज्जर चुंगी स्थित शिव पार्क में दिवाली की रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पार्क में शराब पी रहे 10-12 अज्ञात युवकों ने दो सगे भाइयों के साथ जमकर मारपीट की और लोहे की रॉड से सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को इलाज के लिए रोहतक PGI में भर्ती कराया गया है। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गलती से पटाखा गिरने पर शुरू हुआ विवाद

काठ मंडी निवासी पीड़ित कार्तिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई अंकित पूजा के बाद रात करीब 10 बजे झज्जर चुंगी के शिव पार्क में टहलने गया था। वहां कुछ युवक आपस में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान अंकित द्वारा चलाया गया एक पटाखा गलती से उन युवकों के पास जा गिरा।

इसी बात से भड़ककर आरोपियों ने अंकित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लात-घूंसों से उसकी पिटाई करने लगे।

भाई को बचाने पहुंचे कार्तिक के सिर पर मारी रॉड

घटना की जानकारी मिलते ही जब बड़ा भाई कार्तिक अपने छोटे भाई को बचाने पार्क पहुंचा, तो आरोपियों ने उसे भी घेर लिया। मारपीट के दौरान एक युवक ने पीछे से कार्तिक के सिर पर लोहे की रॉड मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

अंकित के टूटे दांत, जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार

मारपीट की इस घटना में अंकित के मुंह पर गंभीर चोटें आईं और उसके दांत टूट गए, जबकि कार्तिक के सिर और शरीर पर गंभीर घाव आए हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जैसे ही मौके पर इकट्ठा होने लगे, आरोपी दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

10-12 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज

शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस के अनुसार, अस्पताल से मिली सूचना और घायलों के बयान के आधार पर 10-12 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।