CM सैनी के गांव मंगौली जाटान से कांग्रेस की 'वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल' शुरू: दीपेंद्र हुड्डा बोले- मुख्यमंत्री अपने गांववालों तक को नहीं दिला सके नौकरी
हरियाणा में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन और मतदाता सूचियों में कथित धांधली के विरोध में कांग्रेस ने 'वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल' अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत कर दी है।
हरियाणा में मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन और चुनावी पारदर्शिता के मुद्दे पर कांग्रेस ने राज्यव्यापी मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को कांग्रेस ने 'वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल' अभियान के तीसरे चरण की जोरदार शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पैतृक गांव मंगौली जाटान से की। कुरुक्षेत्र की लाडवा विधानसभा क्षेत्र में स्थित इस गांव में मुख्यमंत्री के घर से महज 1 किलोमीटर दूर कांग्रेस का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे भाजपा की हालिया पदयात्रा के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
CM अपने ही गांव में नहीं दे सके नौकरियां: दीपेंद्र हुड्डा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर सीधा हमला बोला। दीपेंद्र हुड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय हर गांव में 100 से अधिक युवाओं को नौकरियां दी गई थीं। उन्होंने सभा में मौजूद स्थानीय लोगों से पूछा, "आपके गांव में कितनी नौकरियां मिली हैं?" जिस पर वहां मौजूद युवाओं ने जवाब दिया कि एक भी नहीं।
दीपेंद्र हुड्डा ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ढाई साल के कार्यकाल में अपने ही गांव के युवाओं को नौकरी नहीं दे पाए और पंजाब जैसे राज्यों में जाकर 400-500 नौकरियां देने के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।
इनेलो और जेजेपी को बताया BJP की 'बी टीम'
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने विपक्षी दलों इनेल ,जेजेपी और निर्दलीय प्रत्याशियों पर हमला बोलते हुए उन्हें "वोट कटवा" करार दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को आगाह करते हुए कहा कि ये दल भाजपा की 'बी टीम' के रूप में काम करते हैं और इनका मुख्य उद्देश्य केवल वोट काटकर भाजपा को दोबारा सत्ता में पहुंचाना है।
3 से 25 नवंबर तक चलेगा अभियान: राव नरेंद्र सिंह
हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि 'वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल' का यह तीसरा चरण 3 नवंबर से 25 नवंबर तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके संवैधानिक मताधिकार के प्रति जागरूक करना और मतदाता सूचियों में किसी भी प्रकार की धांधली को रोककर निष्पक्षता सुनिश्चित करना है।
भाजपा की रोहतक पदयात्रा का जवाब
गौरतलब है कि 1 नवंबर को रोहतक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी और हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी के नेतृत्व में ‘संविधान बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई थी। भाजपा की यह यात्रा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के रोहतक स्थित निवास के सामने से गुजरी थी। कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री के पैतृक गांव से अपनी यात्रा शुरू करने को भाजपा को उसी के अंदाज में राजनीतिक जवाब माना जा रहा है।




