रोहतक में 25 हजार कारतूसों के साथ यूपी का गनहाउस मालिक और गर्लफ्रेंड गिरफ्तार:, सिरसा से जुड़ा डिलीवरी नेटवर्क
रियाणा की रोहतक एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश के 'बदायूं गनहाउस' के मालिक अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना और उसकी गर्लफ्रेंड सहित 5 लोगों को 25,000 जिंदा कारतूसों की खेप के साथ गिरफ्तार किया है।
रोहतक: हरियाणा की रोहतक एसटीएफ को अवैध हथियारों और कारतूसों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को एसटीएफ टीम ने उत्तर प्रदेश के पांच लोगों को कार में 25 हजार जिंदा कारतूसों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गर्लफ्रेंड को ढाल बनाकर करता था तस्करी
घंटों चली पूछताछ के बाद एसटीएफ ने खुलासा किया कि इस गिरोह का मुख्य आरोपी उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का रहने वाला 49 वर्षीय अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना है। अफीफुद्दीन बदायूं में 'बदायूं गनहाउस' का संचालन करता है। उसके साथ पकड़ी गई 33 वर्षीय महिला जीनत उसकी गर्लफ्रेंड बताई जा रही है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अफीफुद्दीन जीनत को अक्सर कारतूसों और हथियारों की सप्लाई के दौरान अपने साथ रखता था। पुलिस की किसी भी संभावित चेकिंग या नाकेबंदी के दौरान वह महिला को अपनी पत्नी बताकर ढाल की तरह इस्तेमाल करता था, ताकि किसी को शक न हो।
कार में बना रखे थे खुफिया चेंबर
तस्करी के इस तरीके को देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपियों ने अपनी कार की सीटों के नीचे खास तरह के गुप्त (हिडन) चेंबर बनवा रखे थे। 25 हजार जिंदा कारतूसों की इतनी बड़ी खेप को इन्हीं चेंबरों के अंदर छिपाकर उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी थी।
गिरोह के अन्य सदस्य और सिरसा का कनेक्शन
पुलिस ने इस मामले में अफीफुद्दीन और जीनत के अलावा तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है:
-
आसिम रईस (33),सबलू खान (32),अरबाज अली (27)
रोहतक एसटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि इन तीनों आरोपियों का अफीफुद्दीन और इस तस्करी गिरोह से क्या संबंध है और इनका क्या काम था।
सिरसा से व्यापारी हिरासत में, जांच जारी
पकड़े गए आरोपियों से जब कारतूसों के स्रोत के बारे में सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि यह खेप हरियाणा के सिरसा स्थित 'महक गनहाउस सेंटर' के मालिक विजय गोयल से खरीदी गई थी।
सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिरसा से व्यापारी विजय गोयल को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब मुख्य रूप से इन बिंदुओं पर जांच कर रही है:
-
विजय गोयल के पास इतनी बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस कहां से आए?
-
विजय गोयल और यूपी के गनहाउस मालिक अफीफुद्दीन का संपर्क कैसे और किसके माध्यम से हुआ?
-
इन 25 हजार कारतूसों की खेप को आगे कहां और किन लोगों को खपाया जाना था?




