रोहतक में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर की ईद को लेकर विवादित टिप्पणी, कहा- बकरे कटने से प्रदूषण नहीं होता क्या?

रोहतक में विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने ईद पर होने वाली बकरों की कुर्बानी को लेकर विवादित बयान दिया है।

रोहतक में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर की ईद को लेकर विवादित टिप्पणी, कहा- बकरे कटने से प्रदूषण नहीं होता क्या?

रोहतक के सेक्टर-4 में आयोजित विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने ईद को लेकर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि कुछ एंटी-हिंदू लोगों ने यह भ्रम फैला रखा है कि पटाखे बजाने से प्रदूषण होता है, लेकिन जब ईद पर दुनियाभर में बकरे काटे जाते हैं और खून निकलता है, तब किसी को प्रदूषण याद नहीं आता।

पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि हिंदू समाज के प्रति ऐसी नफरत फैलाना कि पटाखे जलाने से प्रदूषण हो जाएगा, पूरी तरह गलत है। पटाखों की खरीद-फरोख्त से देश के मजदूरों की जेब में पैसा जाता है और वह देश के भीतर ही रहता है। उन्होंने सांस के मरीजों को लेकर कहा कि इससे कोई दिक्कत नहीं होती और हादसे के डर से अपनी खुशियां मनाना नहीं छोड़ा जा सकता, क्योंकि भगवान राम के आने की खुशी मनाना बिल्कुल गलत नहीं है।

दिल्ली-NCR की भौगोलिक स्थिति को बताया प्रदूषण का कारण पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने तर्क दिया कि प्रदूषण पटाखे छोड़ने से नहीं बल्कि दिल्ली-NCR में जमीन न बचने और बड़ी-बड़ी इमारतों के कारण हवा रुकने से होता है। उन्होंने कहा कि पटाखे जितने बजाए जाएं, उतने अच्छे हैं, क्योंकि इससे गरीब और मेहनतकश लोगों की जेब में पैसा आता है।

दिशा की मीटिंग और हुड्डा पर साधा निशाना कार्यक्रम के दौरान मनीष ग्रोवर ने दिशा की मीटिंग में हुए विवाद को लेकर सांसद पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मीटिंग में बाहर के लोगों को बुलाकर अधिकारियों पर दबाव बनाया गया और सचिवालय में गुंडागर्दी की गई। इसके अलावा, कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हुड्डा के सिर से मुख्यमंत्री बनने का नशा अभी तक नहीं उतरा है और वे 2047 तक भी सीएम बनने का सपना देख रहे हैं।