रोहतक के खरावड़ गांव में जिले का पहला बायोगैस प्लांट तैयार: 80 घरों को मिले कनेक्शन, एलपीजी से मिलेगी सस्ती गैस
स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने इस प्लांट से पहले चरण में 80 गरीब परिवारों के घरों में 2.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिए गैस कनेक्शन दिए गए हैं
रोहतक जिले के गांव खरावड़ में गौशाला के अंदर जिले का पहला बायोगैस प्लांट बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिला परिषद की पहल पर शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट से गांव के गरीब परिवारों को एलपीजी सिलेंडर के मुकाबले काफी सस्ती गैस उपलब्ध होगी। फिलहाल पहले चरण में 80 घरों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं।
रोजाना 400 घन मीटर गैस का उत्पादन यह गोबर गैस प्लांट रोजाना 400 घन मीटर गैस का उत्पादन करेगा। इसके सुचारू संचालन के लिए प्रतिदिन लगभग 10,000 किलोग्राम यानी 10 टन ठोस फीडस्टॉक की आवश्यकता होती है। प्लांट के टैंक में हर 3-4 दिन में गोबर की ट्रॉली डाली जाती है, जिससे गैस का निर्माण होता है।
2.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई गांव के लोगों के घरों तक गैस पहुंचाने के लिए गोबर गैस प्लांट से लेकर घरों तक पीएनजी की करीब 2.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। पहले चरण में लगभग 80 घरों में कनेक्शन जोड़ दिए गए हैं, जिससे लोगों को एलपीजी सिलेंडर के खर्च से बड़ी राहत मिलेगी। प्लांट की देखरेख करने वाले कर्मचारियों के मुताबिक, लाभार्थियों को 24 घंटे लगातार गैस उपलब्ध कराई जाएगी और भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर अन्य घरों को भी जोड़ा जाएगा।
प्राकृतिक खाद का भी होगा लाभ बायोगैस उत्पादन के साथ-साथ इस प्लांट से रोजाना लगभग 20 हजार लीटर बायो स्लरी यानी तरल जैविक खाद भी प्राप्त होगी। किसान इस प्राकृतिक खाद का उपयोग अपने खेतों में कर सकेंगे, जिससे खेतों की उर्वरक शक्ति बरकरार रहेगी और फसलें भी रासायनिक खादों के दुष्प्रभावों से मुक्त रहेंगी।
लागत और आगे की योजना खरावड़ गांव की गौशाला में लगाए गए इस बायोगैस प्लांट की कुल अनुमानित लागत 66,84,000 रुपये है, जिसमें से करीब 50 लाख रुपये का काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य प्रगति पर है। प्लांट का सफल ट्रायल भी किया जा चुका है जिसके बाद लोगों के घरों में बायोगैस से चूल्हे जलने शुरू हो गए हैं। जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने बताया कि इस सफल शुरुआत के बाद अब जिले के अन्य गांवों में भी ऐसे प्लांट लगाने पर विचार किया जा रहा है।




