रोहतक में विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत: मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

रोहतक की छोटूराम कॉलोनी में 18 साल पुरानी शादीशुदा महिला अंजुबाला की जहरीला पदार्थ खाने से इलाज के दौरान मौत हो गई।

रोहतक में विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत: मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
Image source (Bhaskar)

रोहतक की छोटूराम कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने के कारण मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भिजवा दिया। मृतका की पहचान अंजुबाला (निवासी गांव डीघल, जिला झज्जर, हाल छोटूराम कॉलोनी, रोहतक) के रूप में हुई है। अंजुबाला अपने पति सचिन, बेटे जयबीर और सास-ससुर के साथ रहती थी। उसकी शादी को 18 साल हो चुके थे।

शादी के बाद से प्रताड़ित करने का आरोप मृतका के भाई, जो मूल रूप से फतेहाबाद के गांव धारनिया के रहने वाले हैं, संजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 फरवरी 2008 को अंजुबाला की शादी सचिन के साथ हुई थी। सचिन सिरसा के राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज नाथूसरी चौपटा में कार्यरत है। संजय का आरोप है कि पिछले करीब 5-6 साल से उसकी बहन को उसका पति सचिन और सास शकुंतला लगातार परेशान कर रहे थे।

दीवाली के दिन तोड़ा दम संजय कुमार के अनुसार, उन्हें 7 नवंबर की शाम को फोन पर सूचना मिली कि अंजुबाला ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है, जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही वह अपने ताऊ कृष्ण लाल के साथ अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी बहन आईसीयू में भर्ती थी। इलाज के दौरान दीवाली के दिन अंजुबाला ने दम तोड़ दिया। भाई का कहना है कि करवाचौथ के दिन भी अंजुबाला ने उन्हें घर बुलाया था, लेकिन वे सामाजिक मर्यादा के चलते चुप रहे। परिवार को पूरा शक है कि पति सचिन ने जबरन जहरीला पदार्थ खिलाकर अंजुबाला की हत्या की है।

पुलिस ने दर्ज किया केस शिवाजी कॉलोनी थाना एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाने से मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाया। मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सचिन और सास शकुंतला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गहराई से मामले की जांच की जा रही है।