PGIMS रोहतक के डॉक्टरों का चमत्कार: 23 महीने तक वेंटिलेटर पर रहे 8 साल के मासूम को दी नई जिंदगी
23 महीने तक 100% ऑक्सीजन और वेंटिलेटर सपोर्ट पर रहे 8 साल के मासूम बच्चे 'दक्ष' को डॉक्टरों ने पूरी तरह स्वस्थ कर नया जीवन दिया है।
रोहतक: हरियाणा के पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में एक मिसाल कायम की है। अस्पताल के पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट की टीम ने 23 महीने तक मौत से जंग लड़ रहे 8 साल के मासूम बच्चे 'दक्ष' को बचाकर नया जीवन दान दिया है।
गंभीर हालत में लाया गया था अस्पताल सोनीपत के गढ़ी सिसाना निवासी सोमबीर दहिया के 6 वर्षीय बेटे दक्ष को 5 अक्टूबर 2024 को अत्यंत गंभीर स्थिति में PGIMS के PICU में भर्ती कराया गया था। मासूम को तेज दिमागी बुखार था, वह पूरी तरह बेहोश था और उसके हाथ-पैर काम नहीं कर रहे थे।
23 महीने तक 100% वेंटिलेटर सपोर्ट पर रहा मासूम PICU के इंचार्ज डॉ. कुंदन मित्तल और उनकी मेडिकल टीम की देखरेख में बच्चे का इलाज शुरू हुआ। बच्चा लगभग 23 महीने तक continuous वेंटिलेटर और 100% ऑक्सीजन सपोर्ट पर रहा। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने दवाओं के साथ-साथ लगातार फिजियोथेरेपी और न्यूट्रिशनल सपोर्ट दिया, जिसके परिणामस्वरूप बच्चे की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार आया और वह अपने अंगों को हिलाने-डुलाने में सक्षम हो सका।
माता-पिता का संघर्ष और मेडिकल स्टाफ का मानवीय चेहरा बच्चे के पिता दिल्ली में टैक्सी चलाते हैं और परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य हैं। बेटे के इलाज के लिए उन्होंने काम छोड़ दिया, वहीं मां करीब 2 साल तक अस्पताल में ही बच्चे की देखभाल करती रहीं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण PGIMS के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने अपनी ओर से भी आर्थिक सहायता प्रदान की। 2 साल तक अस्पताल में रहने के कारण पूरा परिवार PICU वार्ड के स्टाफ के लिए घर के सदस्य जैसा बन गया था।
अस्पताल से मिली छुट्टी, परिजनों की आंखों में छलके आंसू बच्चे के पूरी तरह ठीक होने पर पीजीआईएमएस के कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल ने PICU पहुंचकर डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की पीठ थपथपाई। डिस्चार्ज के दौरान बच्चे के पिता ने केक काटा और डॉक्टरों के पैर छूकर उनका आभार जताया। भावुक होते हुए पिता सोमबीर ने कहा, "डॉक्टर हमारे लिए भगवान से कम नहीं हैं। यदि यह कोई प्राइवेट अस्पताल होता, तो हमारा सब कुछ बिक जाता।"
डॉक्टरों के अनुसार बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ और स्थिर है, जिसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। आगे फॉलो-अप चेकअप के जरिए उसकी सेहत पर निगरानी रखी जाएगी।




