रोहतक: डॉक्टर की कार से लाइसेंसी गन चोरी, मिस्त्री से मिलने गए थे नेहरू कॉलोनी; 20 मिनट में वारदात
रोहतक की नेहरू कॉलोनी में बाबरा मोहल्ला निवासी डॉ. विजय पुंडीर की गाड़ी से चोरों ने महज 20 मिनट के भीतर उनकी लाइसेंसी 12 बोर DBBL गन चोरी कर ली।
हरियाणा के रोहतक जिले की नेहरू कॉलोनी में बेखौफ चोरों ने एक डॉक्टर की गाड़ी से उनकी लाइसेंसी गन पार कर दी। घटना के समय डॉक्टर गाड़ी सड़क पर खड़ी कर एक मिस्त्री से मिलने गए थे और महज 20 मिनट के भीतर चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। पीड़ित की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और चोर की तलाश शुरू कर दी है।
थाना से गन लेकर निकले थे डॉक्टर
बाबरा मोहल्ला निवासी पीड़ित डॉ. विजय पुंडीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका माता दरवाजा से जींद रोड पर 'पुंडीर क्लीनिक' नाम से अस्पताल है। उनके पास एक लाइसेंसी 12 बोर DBBL गन है, जिसे उन्होंने पहले सिटी थाने में जमा करवाया हुआ था। वारदात वाले दिन वह अपनी गन थाने से वापस लेकर गाड़ी में रखकर निकले थे।
20 मिनट में चोरी हुई लाइसेंसी गन
डॉ. पुंडीर के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे वे नेहरू कॉलोनी में चिनाई के काम से जुड़े एक मिस्त्री से मिलने गए थे। उन्होंने अपनी गाड़ी सड़क पर खड़ी की। लगभग 20 मिनट बाद जब वे वापस लौटे, तो गाड़ी से गन गायब थी। इतनी कम देर में गन चोरी होने से इलाके में हड़कंप मच गया।
बड़ी वारदात को अंजाम देने की आशंका
डॉ. विजय पुंडीर ने जताई कि चोरी हुई गन का इस्तेमाल अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनकी लाइसेंसी गन बरामद की जाए।
पुलिस जांच और सीसीटीवी की छानबीन
सिटी थाना पुलिस का कहना है कि गाड़ी से गन चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित डॉक्टर की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास की गलियों और दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।




