रोहतक से काफिले के साथ दिल्ली रवाना हुए कांग्रेस विधायक BB बतरा: बोले- लड़ाई संविधान और प्रजातंत्र बचाने की, कम्युनिस्ट पार्टी का दल ट्रेन से निकला
दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की विशाल रैली में शामिल होने के लिए रोहतक से विधायक भारत भूषण बतरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गाड़ियों का काफिला दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने जा रही इंडिया गठबंधन की महारैली में शामिल होने के लिए रोहतक के कांग्रेस भवन से गाड़ियों का एक बड़ा काफिला दिल्ली के लिए रवाना हो चुका है। इस काफिले का नेतृत्व कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा कर रहे हैं। इसके अलावा, कम्युनिस्ट पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भी जगमती सांगवान की अगुवाई में ट्रेन के ज़रिए दिल्ली के लिए रवाना हुआ है।
ज्ञानेश कुमार को देना होगा इस्तीफा: BB बतरा
काफिला लेकर रवाना होते हुए विधायक भारत भूषण बतरा ने हमला बोलते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा देना होगा। इंडिया गठबंधन के आह्वान पर दिल्ली के रामलीला मैदान से संघर्ष का बिगुल फूंकने की तैयारी है, जिसमें देशभर से लाखों की संख्या में गठबंधन के सदस्य, नेता और आम नागरिक शामिल हो रहे हैं।
'शीशे के महल में रहने वाले दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकते'
विधायक बतरा ने आगे कहा कि आज देश में असली लड़ाई प्रजातंत्र को बचाने, वोट चोरी रोकने और संविधान की रक्षा करने की है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा आज खुद दो भागों में बँट चुकी है—एक तरफ वे सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर यात्रा निकाल रहे हैं और दूसरी तरफ कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें खुद नहीं पता कि क्या करना है। उन्होंने कहा, "जिनके खुद के घर शीशे के होते हैं, वे दूसरों पर पत्थर नहीं फेंका करते।"
सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का लगाया आरोप
विधायक बतरा ने आरोप लगाया कि भाजपा खुलेआम सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रही है। डीसी सतबीर सिंह अधिकारियों की बैठकें लेकर ड्यूटी लगा रहे हैं और भाजपा के झंडे लगाने का काम भी सरकारी कर्मचारी कर रहे हैं। भाजपा के पास खुद कार्यकर्ताओं की कमी है और वे सरकारी तंत्र को कठपुतली की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।
'युवाओं के जोश के आगे झुकेगी सरकार'
विधायक ने कहा कि देश के युवाओं के अंदर भाजपा की नीतियों के प्रति भारी रोष है। रामलीला मैदान में हो रही रैली को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है और उनके इस आक्रोश के आगे सरकार को हर हाल में झुकना पड़ेगा। ज्ञानेश कुमार को अपने पद से हटना ही होगा।
ट्रेन के जरिए दिल्ली रवाना हुआ कम्युनिस्ट दल
उधर, कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से भी एक दल रोहतक रेलवे स्टेशन से ट्रेन के ज़रिए दिल्ली के लिए रवाना हुआ। इस दल का नेतृत्व कर रहीं जगमती सांगवान ने स्टेशन पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन की यह रैली प्रजातंत्र को बचाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की मुहिम है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी करने वालों के कारण आज पूरा देश गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है।




