रोहतक में 'रन फॉर यूनिटी': कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा का कांग्रेस पर हमला- बोले, झूठ बोलकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहा विपक्ष

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रोहतक के राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम में पहुंचे हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने विपक्ष और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

रोहतक में 'रन फॉर यूनिटी': कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा का कांग्रेस पर हमला- बोले, झूठ बोलकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहा विपक्ष

रोहतक के राजीव गांधी स्टेडियम में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया और स्वयं भी युवाओं व खिलाड़ियों के साथ दौड़ लगाई। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलवाई।

मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखे राजनीतिक बाण चलाए।

'विपक्ष का काम संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना'

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अराजकता नहीं फैलाती, बल्कि राष्ट्र को जोड़ने का काम करती है। देशभक्ति और राष्ट्र समर्पण की भावना भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता में रची-बसी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल झूठ बोलकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और देश में अविश्वास का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब विपक्ष के इस झूठ का पर्दाफाश हो चुका है।

EVM और वोट चोरी के आरोपों पर घेरा

डॉ. शर्मा ने कांग्रेस के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जब हरियाणा में कांग्रेस की 10 में से 5 सीटें आईं, तब उन्हें EVM और मतदाता सूची बिल्कुल ठीक लग रही थी। लेकिन जब उसी वोटर लिस्ट और प्रक्रिया के तहत हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत हुई, तो कांग्रेस वोट चोरी का रोना रोने लगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूलमंत्र जनता का अटूट विश्वास है, जिसके दम पर केंद्र और हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनी है।

'अराजकता फैलाने वालों को सरकार देगी जवाब'

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विपक्ष देश में भ्रम और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में सरकार का यह नैतिक फर्ज बनता है कि वह जनता के सामने सही तथ्य रखकर विपक्ष के झूठे एजेंडे का जवाब दे।

'आत्मविश्वास से 2047 के संकल्प की ओर बढ़ रही भाजपा'

डॉ. अरविंद शर्मा ने स्पष्ट किया कि भाजपा किसी भी तरह से घबराई हुई नहीं है, बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है।

देश की एकता के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार

सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए मंत्री ने कहा कि आज पूरा देश लौह पुरुष को याद कर राष्ट्रीय एकता दिवस मना रहा है। इस आयोजन में स्कूल-कॉलेज के छात्रों, खिलाड़ियों, बुजुर्गों, पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए हर नागरिक और कार्यकर्ता कोई भी कुर्बानी देने के लिए सदैव तैयार है।