बताकर आते तो जलपान करवाते": हुड्डा आवास के सामने BJP सभा पर बोले दीपेंद्र- रोहतक में भाजपा का डर दिखा
रोहतक के मॉडल टाउन स्थित बापू पार्क में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सभा पर रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा ने जोरदार तंज कसा है।
हरियाणा के रोहतक में मॉडल टाउन स्थित बापू पार्क में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित जनसभा को लेकर रोहतक लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा नेतृत्व पर तंज कसा है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास के सामने सभा रखकर भाजपा जो हासिल करना चाहती थी, उसका बिल्कुल उल्टा परिणाम सामने आया है।
'भाजपा ने जो सोचा था, उसका उल्टा हुआ'
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और पार्टी के रणनीतिकारों को वे बधाई देते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रोहतक में इस सभा का आयोजन इसलिए किया गया था ताकि दिल्ली रैली में भाग लेने वाले लोगों की संख्या कम हो सके, लेकिन इसका असर यह हुआ कि दिल्ली जाने वालों की संख्या दोगुनी हो गई और युवाओं में उत्साह बढ़ गया।
'बताकर आते तो जलपान करवाते'
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से थोड़ी चूक हो गई। वे उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं, दुश्मन नहीं। अगर नितिन नबीन पहले बताकर आते कि घर के सामने सभा करनी है, तो हुड्डा परिवार उनका भव्य स्वागत करता और घर पर जलपान का प्रबंध भी करवाता। उन्होंने कहा, "भाजपा नेताओं का डर देखकर अच्छा लगा।"
गौरतलब है कि इस सभा में नितिन नबीन के साथ स्मृति ईरानी, जयंत चौधरी और हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री भी मौजूद थे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा का ऐसा आयोजन उचित नहीं: आशा हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा ने भी इस घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहतक आए थे, तो उन्हें पूरे प्रदेश से भीड़ जुटाकर किसी बड़े और खुले मैदान में जनसभा करनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि मार्केट क्षेत्र के बापू पार्क में सभा आयोजित करना उचित नहीं था, क्योंकि मॉडल टाउन में शाम के समय वैसे ही आम लोगों और खरीदारों की काफी भीड़ रहती है।
'रोहतक के लिए कोई घोषणा तो करके जाते'
आशा हुड्डा ने आगे कहा कि अगर कोई मेहमान उनके घर के सामने आएगा तो वे उसका स्वागत ही करेंगे। हालांकि, नितिन नबीन को रोहतक आने पर शहर के विकास के लिए कुछ काम भी करवाने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चाहते तो महात्मा गांधी पार्क के जीर्णोद्धार या शहर की सड़कों की मरम्मत की घोषणा कर सकते थे, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।




