भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज, 5 निलंबित विधायकों को नहीं मिला न्योता

नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में आगामी एक दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान सत्ताधारी भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा होगी।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज, 5 निलंबित विधायकों को नहीं मिला न्योता

आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति तैयार करने के लिए हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की आज दोपहर 2:30 बजे दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे।

भाजपा को घेरने की बनेगी रणनीति बैठक में पार्टी के सभी प्रमुख विधायक शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, इस मीटिंग का मुख्य उद्देश्य आने वाले एक दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी को विभिन्न जनमुद्दों पर घेरने की ठोस रणनीति तैयार करना है। बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

5 निलंबित बागी विधायकों से बनाई दूरी कांग्रेस नेतृत्व ने इस बार भी बागी तेवर दिखाने वाले विधायकों से दूरी बनाए रखी है। पिछली बैठक की तरह इस बार भी राज्यसभा चुनाव प्रकरण के चलते पार्टी से सस्पेंड किए गए पांच विधायकों को मीटिंग में शामिल होने का न्योता नहीं दिया गया है।

इस मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कांग्रेस विधायक दल के उपनेता और विधायक आफताब अहमद ने कहा कि जिन पांच विधायकों को सस्पेंड किया जा चुका है, उन्हें बैठक में नहीं बुलाया गया है और उन्हें बुलाने का कोई औचित्य भी नहीं है। उन्होंने आगे बताया कि इस बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों के साथ-साथ राज्य के अन्य महत्वपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर भी विस्तार से मंथन किया जाएगा।