रोहतक से चित्तौड़गढ़ के लिए नई हरियाणा रोडवेज बस सेवा शुरू, उपायुक्त सतबीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
उपायुक्त सतबीर सिंह, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर रामअवतार वाल्मीकि और भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हरियाणा राज्य परिवहन (रोहतक डिपो) द्वारा रोहतक से राजस्थान के प्रसिद्ध ऐतिहासिक शहर चित्तौड़गढ़ के लिए सीधी बस सेवा की शुरुआत की गई है। रोहतक बस स्टैंड से उपायुक्त सतबीर सिंह, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर रामअवतार वाल्मीकि तथा भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका ने संयुक्त रूप से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान रोहतक रोडवेज के महाप्रबंधक नवीन कुमार समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आवागमन होगा और अधिक सुगम: उपायुक्त
बस को रवाना करने के अवसर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि रोहतक से चित्तौड़गढ़ के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को फायदा पहुंचेगा। इससे हरियाणा और राजस्थान के बीच आवागमन और बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार नागरिकों को सुविधाजनक और सुलभ परिवहन सेवाएं देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।
क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात: मनीष कुमार ग्रोवर
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने बस सेवा की शुरुआत को क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि इस बस से राजस्थान जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा करने वाले लोगों को भी सहूलियत होगी। बेहतर कनेक्टिविटी के इस कदम के लिए उन्होंने प्रदेश सरकार और परिवहन विभाग का धन्यवाद किया।
समय सारिणी और किराया:
रोहतक डिपो के महाप्रबंधक नवीन कुमार ने बस के संचालन की जानकारी देते हुए बताया:
-
रोहतक से प्रस्थान: प्रतिदिन प्रातः 8:30 बजे (चित्तौड़गढ़ आगमन: रात्रि 10:50 बजे)
-
चित्तौड़गढ़ से वापसी: प्रतिदिन प्रातः 4:15 बजे (रोहतक आगमन: सायं 6:00 बजे)
-
किराया: रोहतक से चित्तौड़गढ़ का किराया 670 रुपये निर्धारित किया गया है।




