रोहतक से बिहार तक फैला अवैध कारतूस तस्करी का जाल: 25 हजार कारतूस बरामदगी मामले में मुजफ्फरपुर के आशिक अंसारी की तलाश तेज
हरियाणा की रोहतक एसटीएफ ने करीब 25 हजार अवैध कारतूसों की बरामदगी मामले में बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स की रोहतक यूनिट ने अवैध हथियारों और कारतूसों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। हाल ही में रोहद के पास से बरामद किए गए करीब 25 हजार अवैध कारतूसों के मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने इस सिंडिकेट की पूरी चेन को बेनकाब कर दिया है। इस नेटवर्क के तार हरियाणा के सिरसा से लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर तक फैले हुए हैं।
क्या है पूरा मामला? रोहतक एसटीएफ के डीएसपी शमशेर सिंह दहिया ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 3 नवंबर को रोहद के पास नाकेबंदी के दौरान दो गाड़ियों (टाटा हैरियर और हुंडई ऑरा) से 24,980 अवैध कारतूस बरामद किए गए थे। आरोपियों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए गाड़ियों के अंदर और खिड़कियों में विशेष खुफिया चैंबर बना रखे थे। इस कार्रवाई में मौके से अफीफुद्दीन, अरबाज और जीनत नाम की एक युवती को गिरफ्तार किया गया था।
चेकिंग से बचने के लिए महिला का इस्तेमाल जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि तस्कर हाईवे पर पुलिस चेकिंग से बचने के लिए अपने साथ एक महिला को बैठाकर चलते थे, ताकि पुलिस को उन पर परिवार या सामान्य यात्री होने का भ्रम हो और वे आसानी से नाका पार कर सकें।
सिरसा के गन हाउस संचालक से जुड़े तार पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद एसटीएफ ने सिरसा स्थित 'महक गन हाउस' और 'बालाजी गन हाउस' के संचालक विजय गोयल को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान विजय गोयल के पास से कारतूसों की खरीद-फरोख्त के लिए दिए गए 38 लाख रुपये नकद, 9 मोबाइल फोन, बिक्री रजिस्टर और गन हाउस से जुड़े कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
2018 से चल रहा था गोरखधंधा, अब बिहार के तस्करों की बारी डीएसपी दहिया के मुताबिक, विजय गोयल और उसके साथी साल 2018 से अवैध कारतूसों की सप्लाई कर रहे थे। शुरुआत में यह धंधा छोटे स्तर पर था, लेकिन बाद में बड़े पैमाने पर कारतूस बिहार भेजे जाने लगे। पूछताछ में बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी आशिक अंसारी, लालटू, चंदन और सरस के नाम सामने आए हैं, जिन्हें ये कारतूस सप्लाई किए जाने थे।
पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धारा 111 भी जोड़ दी है। एसटीएफ की टीमें अब बिहार के आशिक अंसारी और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं, जिन्हें जल्द ही प्रोडक्शन वारंट या रिमांड पर लाकर पूछताछ की जाएगी।




