रोहतक में मनीषा भनवाला का सम्मान, WFI महासचिव विनोद तोमर ने विनेश फोगाट के सवाल पर साधी चुप्पी
रोहतक के सर छोटूराम स्टेडियम में विश्व चैंपियन पहलवान मनीषा भनवाला के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया।
रोहतक: विश्व चैंपियन पहलवान मनीषा भनवाला के सम्मान में रोहतक के सर छोटूराम स्टेडियम में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेसलिंग फेडरेशन के महासचिव विनोद तोमर भी शामिल हुए। इस दौरान मीडिया ने उनसे विनेश फोगाट के दोबारा कुश्ती खेलने को लेकर सवाल किया, लेकिन उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
विनोद तोमर ने कहा कि वह किसी खिलाड़ी के खेलने या नहीं खेलने के बारे में टिप्पणी नहीं करेंगे। हालांकि, उन्होंने कुश्ती फेडरेशन की कार्यप्रणाली, खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं और आगामी प्रतियोगिताओं को लेकर कई अहम जानकारियां साझा कीं। उन्होंने हरियाणा में अंतरराष्ट्रीय कुश्ती टूर्नामेंट आयोजित कराने की संभावनाओं पर भी बात की।
हरियाणा में अंतरराष्ट्रीय कुश्ती टूर्नामेंट कराने की तैयारी
विनोद तोमर ने बताया कि किसी भी राज्य में अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित कराने के लिए संबंधित अंतरराष्ट्रीय संस्था के सामने बिडिंग प्रक्रिया पूरी करनी होती है।
उन्होंने कहा कि फेडरेशन का फोकस हरियाणा में एशियन चैंपियनशिप आयोजित कराने पर था। इसके लिए प्रदेश की टीम प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि आने वाले समय में हरियाणा को अंतरराष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिलेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के आयोजन के लिए निर्धारित प्रक्रिया और बिडिंग में सफल होना जरूरी है।
नेशनल कैंप के स्थान पर ही होंगे खिलाड़ियों के ट्रायल
हरियाणा में कुश्ती के ट्रायल आयोजित कराने को लेकर पूछे गए सवाल पर महासचिव ने कहा कि ट्रायल उसी स्थान पर होंगे, जहां नेशनल कोचिंग कैंप लगाया जाएगा।
उन्होंने लखनऊ के ट्रेनिंग सेंटर का जिक्र करते हुए बताया कि यह सेंटर भारतीय खेल प्राधिकरण और भारत सरकार के अंतर्गत आता है। यहां खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं, इसलिए कैंप और ट्रायल के लिए इस स्थान को प्राथमिकता दी जाती है।
विनोद तोमर ने यह भी कहा कि सोनीपत और बहालगढ़ में भी अच्छे ट्रेनिंग सेंटर मौजूद हैं। प्रतियोगिताओं और ट्रायल का स्थान उपलब्ध सुविधाओं और परिस्थितियों के आधार पर तय किया जाता है।
रोहतक में 19 व 20 नवंबर को सजेगा 'जिला स्तरीय युवा महोत्सव
फेडरेशन की तकनीकी गलतियों को बताया ह्यूमन एरर
सोशल मीडिया पर रेसलिंग फेडरेशन की तकनीकी गलतियों को लेकर उठ रहे सवालों पर विनोद तोमर ने कहा कि फेडरेशन में न्यूज और टेक्निकल एक्सपर्ट काम करते हैं। इसके बावजूद छोटी-मोटी गलतियां हो सकती हैं, जिन्हें मानवीय भूल माना जा सकता है।
उन्होंने बताया कि यदि फेडरेशन को किसी प्रकार की आपत्ति मिलती है तो उसे यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के पास भेजा जाता है। वहां से जवाब मिलने के बाद संबंधित जानकारी सार्वजनिक की जाती है।
उन्होंने कहा कि फेडरेशन का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए ज्यादा से ज्यादा पदक हासिल करना है।
खिलाड़ियों को विदेशी कोच की सुविधा दे रही फेडरेशन
विनोद तोमर ने बताया कि भारतीय पहलवानों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए फेडरेशन की ओर से विदेशी कोच की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार से मिलने वाली खेल सुविधाओं के लिए फेडरेशन की ओर से प्रस्ताव भेजे जाते हैं। उन्हें उम्मीद है कि आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय पहलवान कुश्ती की तीनों शैलियों में पदक जीतने में सफल रहेंगे।
उन्होंने ग्रीको-रोमन कुश्ती का जिक्र करते हुए बताया कि इस शैली में भी दो भारतीय पहलवानों ने एशियन गेम्स में अच्छा प्रदर्शन किया है।
मनीषा भनवाला का अगला लक्ष्य ओलिंपिक में पदक जीतना
विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर लौटी पहलवान मनीषा भनवाला ने अपने भविष्य के लक्ष्य को लेकर कहा कि अब उनका सपना ओलिंपिक में देश के लिए पदक जीतना है।
मनीषा ने बताया कि वह वर्ष 2012 से कुश्ती का अभ्यास कर रही हैं। इस लंबे सफर में उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। अब उनका पूरा ध्यान ओलिंपिक की तैयारी पर है। उन्होंने कहा कि अपने सपने को पूरा करने के लिए वह लगातार मेहनत जारी रखेंगी।
कोच मंदीप को भी किया गया सम्मानित
रोहतक के सर छोटूराम स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में विश्व चैंपियन पहलवान मनीषा भनवाला के साथ उनके कोच मंदीप को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साथी खिलाड़ी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह के दौरान मनीषा की उपलब्धियों की सराहना की गई। वहीं, उनके ओलिंपिक पदक जीतने के लक्ष्य को लेकर भी उम्मीद जताई गई।




