रोहतक में दर्दनाक हादसा: हाइड्रा की चपेट में आने से महिला की मौत, ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज
मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी दुली बीबी के रूप में हुई है, जो फिलहाल शास्त्री नगर में रह रही थी।
रोहतक: हरियाणा के रोहतक में सड़क हादसे का एक दुखद मामला सामने आया है। शहर के हिसार बाईपास पर हाइड्रा की चपेट में आने से 36 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के परिजनों की शिकायत पर हाइड्रा चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
शुगर चेक करवाने जा रही थी महिला
मृतका की पहचान करीब 36 वर्षीय दुली बीबी पत्नी खिलन खान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से वर्धमान, पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी और फिलहाल रोहतक के शास्त्री नगर में रह रही थी।
जानकारी के अनुसार, दुली बीबी शुगर की मरीज थी। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अपनी शुगर चेक करवाने के बाद अपने भतीजे रिजावल के पास जा रही थी। इसी दौरान हिसार बाईपास पर पीछे से आ रहे हाइड्रा ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने हाइड्रा चालक के खिलाफ दर्ज किया केस
हादसे की जानकारी मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। परिजनों की शिकायत के आधार पर हाइड्रा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।




