रोहतक सिविल अस्पताल से डॉक्टर का लैपटॉप चोरी: CCTV फुटेज में दिखे 2 आरोपी, दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम
रोहतक के कलानौर सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग से दो युवकों ने डॉ. संजीव मलिक का लैपटॉप दिनदहाड़े चोरी कर लिया।
रोहतक के ब्लॉक कलानौर के सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग से दो युवकों ने डॉक्टर का लैपटॉप चोरी कर लिया। पूरा मामला वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। डॉक्टर ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल अस्पताल कलानौर के डॉ. संजीव मलिक ने बताया कि 3 नवंबर की दोपहर को लैपटॉप कैबिन में रखा हुआ था और वह किसी काम से कैबिन के बाहर गए हुए थे। इसी दौरान दो व्यक्ति सिविल अस्पताल में आए और कैबिन से उसका लैपटॉप चोरी करके अपने साथ ले गए। यह घटना दोपहर करीब 1 बजे की है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात डॉ. संजीव मलिक ने बताया कि लैपटॉप चोरी होने के बारे में पता चलने पर जब सीसीटीवी चेक किए गए, तो उसमें दो व्यक्ति अस्पताल की नई बिल्डिंग में करीब 12:53 बजे आते दिखे। इसके बाद दोनों में से एक आरोपी दोपहर 1:13 बजे बाहर निकल गया, जिसके हाथ में लैपटॉप था। उसके बाद दूसरा आरोपी भी अस्पताल से निकल गया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपियों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। डॉक्टर ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है ताकि आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।
पुलिस कर रही है मामले की जांच कलानौर थाना एसएचओ रविंद्र कुमार ने बताया कि सिविल अस्पताल के डॉ. संजीव मलिक की शिकायत पर लैपटॉप चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




