रोहतक में ‘म्हारी मिठाई’ बिक्री केंद्र का शुभारंभ: ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की अनूठी पहल

हरियाणा के रोहतक में जिला परिषद की चेयरपर्सन श्रीमती मंजू हुड्डा ने ‘म्हारी मिठाई’ बिक्री केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया।

रोहतक में ‘म्हारी मिठाई’ बिक्री केंद्र का शुभारंभ: ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की अनूठी पहल

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘वोकल फॉर लोकल’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने तथा ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है।

इसी कड़ी में बुधवार को पुराना आईटीआई ग्राउंड, रोहतक में जिला परिषद की चेयरपर्सन श्रीमती मंजू हुड्डा ने ‘म्हारी मिठाई’ बिक्री केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा शुद्ध देसी घी से तैयार की जा रही पारंपरिक मिठाइयों का अवलोकन किया तथा महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने बताया कि ‘म्हारी मिठाई’ बिक्री केंद्रों पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा शुद्ध देसी घी से तैयार गोंद के लड्डू, बेसन के लड्डू, मूंग दाल की बर्फी, नारियल की बर्फी, गुजिया एवं नमकीन मठरी सहित विभिन्न पारंपरिक खाद्य उत्पाद उचित दामों पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण केवल नारा नहीं, आर्थिक आत्मनिर्भरता से होगा साकार: मंजू हुड्डा इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए श्रीमती मंजू हुड्डा ने कहा कि ‘म्हारी मिठाई’ केवल मिठाइयों की बिक्री का अभियान नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास, उद्यमशीलता और आर्थिक स्वावलंबन की एक प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देश के स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को नई पहचान दी है। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

10 दिनों में 400 किलो से अधिक मिठाइयों की बिक्री, 2500 किलो से अधिक के ऑर्डर कार्यक्रम के दौरान श्रीमती मंजू हुड्डा ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा पिछले 10 दिनों में 400 किलो से अधिक मिठाइयों की बिक्री की जा चुकी है, जबकि 2500 किलो से अधिक मिठाइयों के ऑर्डर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से 4000 से 5000 किलो मिठाइयों की बिक्री का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस लक्ष्य को प्राप्त करने तथा अधिक से अधिक शहरवासियों तक शुद्ध एवं ताजा मिठाइयाँ पहुँचाने के उद्देश्य से रोहतक शहर में चार स्थानों पर बिक्री केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें पुराना आईटीआई ग्राउंड, जिला विकास भवन के सामने, अनाज मंडी कच्चा बेरी रोड तथा सामान्य बस स्टैंड के सामने स्थित सांझा बाजार में ‘म्हारी रसोई’ शामिल हैं।

श्रीमती मंजू हुड्डा ने रोहतकवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि दीपावली एवं अन्य त्योहारों तथा पारिवारिक आयोजनों के अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार शुद्ध एवं पारंपरिक मिठाइयों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को बाजार उपलब्ध करवाकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना अत्यंत आवश्यक है। जिला परिषद रोहतक इस प्रकार की जनकल्याणकारी एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहलों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

अधिकारियों एवं मिशन टीम के प्रयासों की सराहना श्रीमती मंजू हुड्डा ने इस सराहनीय पहल के सफल क्रियान्वयन के लिए अतिरिक्त उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद एवं डीआरडीए, रोहतक श्री नरेंद्र कुमार, आईएएस तथा हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पूरी टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद एवं डीआरडीए, रोहतक श्री नरेंद्र कुमार (IAS), जिला पार्षद श्रीमती सुमन, जिला परिषद चेयरपर्सन के निजी सचिव श्री चंद्रेश कपूर, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के डीएफएम प्रवीण कुमार, खंड कार्यक्रम प्रबंधक रॉबिन, खंड प्रभारी संगीता, पिंकी, रीना, सोमवीर, वाईपी राहुल, लेखाकार कमलेश, हेमा, अजय एवं कंप्यूटर ऑपरेटर श्रीओम सहित स्वयं सहायता समूहों की अनेक महिलाएँ एवं मिशन के कर्मचारी उपस्थित रहे।