रोहतक के दो युवकों ने समय रहते बाहर निकलकर बचाई जान-चलती मर्सिडीज कार बनी आग का गोला;

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लग्जरी कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

रोहतक के दो युवकों ने समय रहते बाहर निकलकर बचाई जान-चलती मर्सिडीज कार बनी आग का गोला;
Image source (Bhaskar)

करनाल-इंद्री स्टेट हाईवे पर बीती देर रात एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया, जब एक चलती लग्जरी मर्सिडीज कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि कार में सवार दोनों युवकों ने समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

ट्रक चालक को सतर्क करने के लिए बढ़ाई थी कार की रफ्तार फायर ब्रिगेड से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 12:30 बजे की है। रोहतक निवासी दो युवक मर्सिडीज कार में सवार होकर करनाल से इंद्री की तरफ जा रहे थे। रास्ते में उनके आगे चल रहे एक ट्रक का पिछला बंपर टूटा हुआ था। हादसे की आशंका को देखते हुए कार चालक ने ट्रक ड्राइवर को इस बारे में आगाह करने के लिए ओवरटेक करने का प्रयास किया और गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। इसी दौरान अचानक कार के इंजन से धुआं उठा और देखते ही देखते आग भड़क गई।

सूझबूझ से बची दोनों युवकों की जान आग की लपटें उठते ही चालक ने बिना घबराए तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और दोनों युवक तेजी से बाहर कूद गए। उनके बाहर निकलने के कुछ ही पलों बाद आग ने पूरी कार को घेर लिया और उससे ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। फायर ब्रिगेड कर्मी रजनीश ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी को मौके पर रवाना किया गया। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

मामले की जांच में जुटी पुलिस हादसे की सूचना पाकर इंद्री थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों युवक पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल, मर्सिडीज कार में अचानक आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।