रोहतक में छठ महापर्व का उत्साह: भालौठ नहर पर घाट तैयार, आज शाम छोड़ा जाएगा पानी; नगर निगम की अनदेखी से समिति में रोष
सिंचाई विभाग आज शाम तक नहर में पानी छोड़ देगा, जिससे कल श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य दे सकेंगे।
रोहतक: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रोहतक में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भालौठ सब ब्रांच नहर पर विशेष घाटों का निर्माण और सजावट का काम पूरा कर लिया गया है। सिंचाई विभाग की ओर से आज शाम तक नहर में पानी छोड़ दिया जाएगा, जिसके बाद शाम को ही तैयारियों का अंतिम ट्रायल भी किया जाएगा।
नगर निगम के रवैये से समिति में नाराजगी घाटों पर रोशनी और सजावट की पूरी व्यवस्था कर दी गई है, लेकिन सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पूर्वांचल एकता समिति के प्रधान संजीव ने बताया कि सिंचाई विभाग ने तो घाट के आसपास सफाई करवाकर पूरा सहयोग दिया है, लेकिन नगर निगम ने नहर की पटरी और आसपास की झाड़ियों की सुध नहीं ली। करीब 20 दिन पहले निगम कमिश्नर को लिखित शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन समिति को अपने स्तर पर निजी मजदूर लगाकर झाड़ियां साफ करवानी पड़ीं। इस मुद्दे को लेकर समिति ने पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर से भी मुलाकात कर अपनी बात रखी है।
छठ पूजा के लिए भालौठ सब ब्रांच नहर पर घाट तैयार
आज शाम नहर में पहुंचेगा जेएलएन नहर का पानी प्रधान संजीव के अनुसार, सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है। जेएलएन नहर में पानी आ चुका है, जिसे आज शाम तक भालौठ सब ब्रांच नहर में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। पूजा के लिए नहर में इतना जलस्तर आवश्यक है कि घाट की कम से कम चार सीढ़ियां पानी में डूब जाएं, ताकि श्रद्धालु आसानी से जल में खड़े होकर पूजा कर सकें।
कल शाम पहला और 16 नवंबर को होगा दूसरा अर्घ्य महापर्व के मुख्य अनुष्ठान के तहत कल शाम हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु नहर के पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके अगले दिन, यानी 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस कठिन निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा।




