अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को धमकी देने वाला आरोपी रोहतक से गिरफ्तार: पहले कर चुका है दो सरकारी नौकरियां; अपना नाम बदलकर रखा था 'कोबरा'
आरोपी पूर्व में स्वास्थ्य विभाग और रोहतक डीसी ऑफिस में क्लर्क के पद पर कार्यरत रह चुका है।
रोहतक: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने तथा 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पंजाब पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान समरगोपालपुर कलां गांव निवासी कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रोहतक की अमृत कॉलोनी में रह रहा था।
AAP विधायक को कॉल और वॉट्सऐप कर मांगी थी फिरौती इस मामले में दिल्ली के तिलकनगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, 6 नवंबर की शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और वॉट्सऐप संदेश आया, जिसमें 7 करोड़ रुपये न देने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि धमकी देने के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर कोमल के नाम पर ही पंजीकृत है।
दो सरकारी नौकरियां छोड़ व गवां चुका है आरोपी कोमल के भाई तिलकराज ने बताया कि सोमवार को पंजाब पुलिस की टीम कोमल को शास्त्री कॉलोनी से अपने साथ ले गई, जिसके बाद परिवार को इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली। कोमल पहले करनाल के स्वास्थ्य विभाग में नौकरी करता था, जहां से उसने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उसकी नियुक्ति रोहतक डीसी कार्यालय में क्लर्क के पद पर हुई। वहां साथी कर्मचारियों के साथ विवाद होने पर डीसी ने उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस का जवाब न देने पर करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि कोमल को अपना नाम पसंद नहीं था, इसलिए उसने अपना नाम बदलकर 'कोबरा' रख लिया था।
मोहाली साइबर क्राइम थाने में दर्ज हुई थी FIR इस संबंध में 7 नवंबर 2026 को मोहाली के साइबर क्राइम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। दूसरी ओर, रोहतक सिटी थाना प्रभारी (SHO) रमेश का कहना है कि पंजाब पुलिस द्वारा स्थानीय युवक की गिरफ्तारी के संबंध में उनके थाने में कोई आधिकारिक सूचना दर्ज नहीं कराई गई है।




