एआई आधारित 'द जंगल बुक' फिल्म में मोगली की आवाज बनेंगे वीर हिरानी

'प्रीतम एंड पेड्रो' से अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता वीर हिरानी अब वॉयस एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।

एआई आधारित 'द जंगल बुक' फिल्म में मोगली की आवाज बनेंगे वीर हिरानी

वेब सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' में अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने के बाद युवा अभिनेता वीर हिरानी अब एक नए रचनात्मक क्षेत्र में हाथ आजमाने जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक, वीर मशहूर कहानी 'द जंगल बुक' से प्रेरित एक आगामी भारतीय फिल्म में मुख्य किरदार 'मोगली' को अपनी आवाज देंगे।

इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी तकनीक है, क्योंकि पूरी फिल्म का निर्माण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से किया जा रहा है। फिल्म के निर्देशन की कमान सौमित्र राणाडे संभाल रहे हैं, जबकि श्रीपाल मोराखिया इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस हिंदी फिल्म में वीर पहली बार बिना कैमरे के सामने आए केवल अपनी आवाज के उतार-चढ़ाव से एक काल्पनिक किरदार में जान फूंकते नजर आएंगे।

इसे भी पढ़ें:- 'गदर 2' और 'जाट' की सफलता के बाद सनी देओल की आगामी फिल्म 'जाट 2' को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दिलचस्प बात यह है कि वीर हिरानी का यह कदम उनकी खास आवाज को लेकर मिल रही सराहना का नतीजा है। बताया जा रहा है कि उनकी आवाज की अनोखी खनक ने फिल्म निर्माताओं और दर्शकों को खासा प्रभावित किया है। इसी वजह से उन्हें न सिर्फ फिल्मों में अन्य कलाकारों के लिए डबिंग करने के प्रस्ताव मिल रहे हैं, बल्कि एएसएमआर रिकॉर्डिंग और पर्सनलाइज्ड वॉयस नोट्स जैसे अलग तरह के प्रोजेक्ट्स के लिए भी संपर्क किया जा रहा है।

दुनिया के सबसे लोकप्रिय किरदारों में से एक 'मोगली' को आवाज देकर वीर हिरानी तकनीक और मनोरंजन के इस नए संगम का हिस्सा बनने जा रहे हैं, जो उनके करियर में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

इसे भी पढ़ें:- रजनीकांत की फिल्म ‘धर्मन’ में हुई नयनतारा की एंट्री