रोहतक में सांसद दीपेंद्र हुड्डा के PSO ने सर्विस रिवॉल्वर से की आत्महत्या, ड्यूटी से घर लौटने के बाद छत के कमरे में मारी गोली

रोहतक के गांव मोखरा में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की सुरक्षा में तैनात पीएसओ प्रदीप ने देर रात अपने घर की छत पर बने कमरे में सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

रोहतक में सांसद दीपेंद्र हुड्डा के PSO ने सर्विस रिवॉल्वर से की आत्महत्या, ड्यूटी से घर लौटने के बाद छत के कमरे में मारी गोली
Image Source (Hindi news 18)

रोहतक जिले के गांव मोखरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर ने खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान हरियाणा पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक प्रदीप पुत्र चंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक: छठ पूजा के दौरान युवक की चाकू मारकर हत्या, परिजनों का आरोप-पुलिस देखती रही

ड्यूटी से लौटने के बाद छत के कमरे में उठाया आत्मघाती कदम

जानकारी के मुताबिक, गांव मोखरा निवासी ASI प्रदीप सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर ड्यूटी करने के बाद शाम को अपने घर लौटे थे। रात के समय वे घर की छत पर बने एक कमरे में अकेले बैठे हुए थे। इसी दौरान कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन घबराकर छत पर पहुंचे, तो प्रदीप खून से लथपथ हालत में पड़े थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि उन्होंने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी है।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

गोली लगने के तुरंत बाद परिजन प्रदीप को लेकर रोहतक के एक निजी अस्पताल (काएनोस) पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक: मोबाइल चोरी के शक में युवक का अपहरण कर होटल में की दरिंदगी

पोस्टमॉर्टम आज, कारणों की तफ्तीश में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। थाना प्रभारी जसबीर ने बताया कि गांव मोखरा में आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है, जहां आज पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रदीप किसी मानसिक तनाव या निजी परेशानी से जूझ रहे थे या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक में जुटेगी राष्ट्रीय टीम, हरियाणा में संगठन विस्तार की तैयारी में CJP, युवाओं को जोड़ने पर रहेगा फोकस