जुलाना की राजनीति के दिग्गज शमशेर सिंह अहलावत का निधन, भजनलाल से रहा था परिवार का खास नाता
हरियाणा के वरिष्ठ भाजपा नेता और सहकारिता विभाग के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट शमशेर सिंह अहलावत (80) का रोहतक के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।
रोहतक: हरियाणा की राजनीति में विशेषकर जुलाना क्षेत्र में चार दशकों तक अपनी मजबूत पकड़ रखने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता और हरियाणा सहकारिता विभाग के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट शमशेर सिंह अहलावत का बुधवार को निधन हो गया। वे लगभग 80 वर्ष के थे और पिछले कई दिनों से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।
रोहतक के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस
परिवारिक और करीबी सूत्रों के अनुसार, शमशेर सिंह अहलावत का पहले गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था, जिसके बाद उन्हें रोहतक के कायनोस अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिछले 5-6 दिनों से वे आईसीयू में वेंटिलेटर पर थे, जहां बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. एके चावला ने जानकारी दी कि पार्थिव शरीर को जींद स्थित गोहाना रोड की कोठी नंबर-1 में अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया है। गुरुवार (19 नवंबर) दोपहर 2 बजे उनके पैतृक गांव लिजवाना खुर्द में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा में निजी बिजली वितरण को झटका: इलेवन पावर को APTEL से नहीं मिली राहत
पिता की बीमारी के चलते भारत लौटे थे बेटे
शमशेर सिंह के बेटे डॉ. गजेंद्र अहलावत कनाडा में अस्पतालों की एक चेन संचालित करते हैं। पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही वे करीब एक महीने पहले भारत आ गए थे और लगातार उनकी देखभाल में जुटे थे। 14 नवंबर को डॉ. गजेंद्र का जन्मदिन भी था, लेकिन पिता के अस्पताल में भर्ती होने के कारण परिवार ने कोई जश्न नहीं मनाया। शमशेर सिंह की पत्नी शकुंतला देवी का निधन वर्ष 2016 में हो चुका है। उनके परिवार में बेटे डॉ. गजेंद्र, पीएचडी धारक पुत्रवधू सुमन और एक पोता हैं। वहीं, उनकी दो बहनें दर्शना और कृष्णा जींद में ही ब्याही हैं।
राजनीतिक सफर और चौ. भजनलाल से जुड़ा ऐतिहासिक किस्सा
एडवोकेट शमशेर सिंह ने जुलाना विधानसभा क्षेत्र से दो बार चुनाव लड़ा और पूर्व मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला के माध्यम से भाजपा का दामन थामा था।
अहलावत परिवार का हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल से भी गहरा जुड़ाव रहा है। शमशेर सिंह के पिता चौधरी फतेह सिंह 1972 में जुलाना से कांग्रेस के विधायक बने थे। इससे पहले, 1970 के जुलाना उपचुनाव में चौधरी भजनलाल ने फतेह सिंह के समर्थन में पूरे एक महीने तक क्षेत्र में डेरा डाला था। वे दिनभर अपनी जीप से गांव-गांव प्रचार करते और रात में लिजवाना खुर्द या जुलाना में रुकते थे।
इसे भी पढ़ें:- गुरुग्राम साइबर ठगी: PayU सर्वर हैक कर ₹25.67 करोड़ उड़ाने के मामले में लुधियाना के दो आरोपी गिरफ्तार
प्रचार के दौरान का एक रोचक किस्सा आज भी इलाके में चर्चित है-मेहरड़ा गांव जाते समय भजनलाल की जीप एक गहरी खाई में फंस गई थी। जब ड्राइवर जीप नहीं निकाल पाया, तो भजनलाल ने खुद स्टेयरिंग संभाला और रिवर्स गियर लगाकर एक ही झटके में गाड़ी को बाहर निकाल लिया। हालांकि, उस उपचुनाव में फतेह सिंह को कांग्रेस के प्रत्याशी चौधरी दल सिंह (पूर्व विधायक परमिंद्र ढुल के पिता) से 5,828 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन दो साल बाद 1972 में उन्होंने जीत हासिल कर विधानसभा में कदम रखा।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक: छठ पूजा के दौरान युवक की चाकू मारकर हत्या, परिजनों का आरोप-पुलिस देखती रही




