हरियाणा में अगले चार दिन घने कोहरे का येलो अलर्ट, ठंडी हवाओं से 2 डिग्री तक गिरेगा रात का तापमान
मौसम विभाग ने हरियाणा में 19 से 22 नवंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा में सर्दी ने अब पूरी तरह से दस्तक दे दी है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण राज्य में ठिठुरन बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने आगामी चार दिनों (19 से 22 नवंबर) के लिए प्रदेश में घने कोहरे का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां रात के तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है, वहीं सुबह के समय विजिबिलिटी कम होने से यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
इसे भी पढ़ें:- गुरुग्राम साइबर ठगी: PayU सर्वर हैक कर ₹25.67 करोड़ उड़ाने के मामले में लुधियाना के दो आरोपी गिरफ्तार
आज इन 10 जिलों में छाएगा कोहरा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार 19 नवंबर को पूर्वी और दक्षिणी हरियाणा के कुल 10 जिलों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा देखने को मिलेगा। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल शामिल हैं। कोहरे के कारण खासतौर पर नेशनल हाईवे और खुले इलाकों में वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कल से 19 जिलों तक बढ़ेगा असर मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 20 से 22 नवंबर के बीच कोहरे का प्रभाव और अधिक व्यापक हो जाएगा। इन तीन दिनों के दौरान कैथल, जींद और कुरुक्षेत्र को छोड़कर राज्य के शेष सभी 19 जिलों (जिसमें हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, रोहतक, झज्जर, भिवानी, गुरुग्राम और फरीदाबाद आदि शामिल हैं) में घने कोहरे का येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
इसे भी पढ़ें:-किसानों की आय बढ़ाने और खेती की लागत घटाने पर हरियाणा सरकार का फोकस, CM नायब सैनी
पारा 2 डिग्री तक और लुढ़कने के आसार पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे रातें और अधिक सर्द हो जाएंगी। हालांकि, इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।
प्रमुख जिलों का तापमान (पिछले 24 घंटे): राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की कमी आई है और 7 जिलों में पारा 10°C से नीचे चला गया है:
-
सबसे ठंडा स्थान: हिसार का बालसमंद क्षेत्र 8.6°C न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा दर्ज किया गया।
-
अन्य ठंडे जिले: करनाल और झज्जर में न्यूनतम पारा 8.9°C, महेंद्रगढ़ में 9.4°C, रेवाड़ी (बावल) और कैथल (कौल) में 9.5°C, जबकि हिसार शहर में 9.8°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नारनौल, यमुनानगर और पानीपत में भी रात का तापमान 10°C के स्तर पर आ गया है।
-
दिन का तापमान: रात की ठंड के विपरीत दिन में अच्छी धूप खिलने से नूंह में अधिकतम तापमान 29.4°C और फरीदाबाद में 29.3°C दर्ज किया गया।
इसे भी पढ़ें:- अमित शाह से मिले हरियाणा के मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा




