पंजाब में अकेले दम पर सरकार बनाएगी कांग्रेस, भाजपा-अकाली दल का आधार खत्म: भूपेंद्र सिंह हुड्डा
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक में प्रेस वार्ता के दौरान दावा किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस पंजाब में बिना किसी गठबंधन के अपने दम पर सरकार बनाएगी।
रोहतक: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पंजाब की राजनीति और हरियाणा की वर्तमान स्थिति को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। रोहतक स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हुड्डा ने दावा किया कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल अपना जनाधार खो चुके हैं और वहां कांग्रेस अपने दम पर अगली सरकार बनाएगी।
पंजाब की राजनीति और गठबंधन पर दो टूक
भाजपा और अकाली दल के संभावित गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इस बारे में पहले से ही जानकारी थी, इसमें कुछ भी नया नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी खुद में बेहद मजबूत है और वह किसी भी दल के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा कि वह पहले ही 'इंडिया' गठबंधन से अलग हो चुकी है। पंजाब की जनता ने अकाली-भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों के शासन को देख लिया है और अब दोनों से त्रस्त हो चुकी है। लोकसभा चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य का वास्तविक विकास केवल कांग्रेस ही कर सकती है।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक महिला कांग्रेस में कविता शर्मा और राजदुलारी को मिली कमान, प्रदेश कार्यकारिणी में 17 पदाधिकारी नियुक्त
सीएम नायब सिंह सैनी को दी नसीहत
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर कटाक्ष करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि उन्हें पंजाब में राजनीतिक 'मिलन' की चिंता छोड़कर हरियाणा के हालातों पर गौर करना चाहिए। उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार को जनादेश के खिलाफ बताते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोडवेज जैसी बुनियादी सेवाओं की पूरी तरह अनदेखी हो रही है।
अग्निवीर योजना और युवाओं के रोजगार पर उठाए सवाल
केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए हुड्डा ने इसे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार इस योजना के नियमों में बदलाव कर रही है, लेकिन नियमित भर्ती शुरू नहीं कर रही। आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले हरियाणा से हर साल करीब 5,500 युवा सेना में भर्ती होते थे, जो अब घटकर महज 700 से 800 के बीच रह गए हैं।
इसे भी पढ़ें:- पंजाब चुनाव: रोहतक के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर को भाजपा ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बने खन्ना के प्रवासी प्रभारी
शिक्षा व्यवस्था और गन्ना किसानों के मुद्दे पर घेराव
प्रदेश की शिक्षा प्रणाली पर चिंता जताते हुए हुड्डा ने सरकार पर पूरे शिक्षातंत्र को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि:
-
राज्य के सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में शिक्षकों के 50 प्रतिशत और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के 47 प्रतिशत पद रिक्त पड़े हैं।
-
प्रदेश के 97 सहायता प्राप्त कॉलेजों में से 56 में स्थायी प्रिंसिपल नहीं हैं।
-
723 प्राइमरी स्कूल केवल एक-एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक: विजिलेंस जांच रुकवाने के लिए शपथ पत्र पर फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप, महम पंचायत समिति चेयरमैन के खिलाफ केस दर्ज
इसके अलावा, किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने गन्ने के समर्थन मूल्य में मात्र 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को किसानों के साथ भद्दा मजाक करार दिया। हुड्डा ने कहा कि एक तरफ महंगाई और चीनी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर हैं, वहीं दूसरी ओर गन्ने के भाव में नाममात्र की वृद्धि कर सरकार किसानों का आर्थिक शोषण कर रही है।




