₹1,232 करोड़ के बजट के बाद भी 'बीमार' है पीजीआई रोहतक: 41.6% डॉक्टरों के पद खाली, पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने सरकार से मांगा श्वेत पत्र
हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री सुभाष बत्रा ने पीजीआईएमएस रोहतक में डॉक्टरों के 41.6% पद खाली होने और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
रोहतक: हरियाणा के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थानों में शुमार पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PGIMS Rohtak) की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सियासत गरमा गई है। राज्य के पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष बत्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी, दवाइयों की किल्लत और जांच सुविधाओं के चरमराने पर राज्य सरकार को घेरा है।
41.6% डॉक्टरों के पद खाली, रोज आते हैं 8,000 मरीज
सुभाष बत्रा ने आंकड़े पेश करते हुए आरोप लगाया कि पीजीआईएमएस रोहतक में ग्रुप-ए के कुल 1,018 स्वीकृत पदों में से केवल 424 पद ही भरे हुए हैं, जबकि 41.6% पद खाली पड़े हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान की ओपीडी में रोजाना 8,000 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन डॉक्टरों की कमी के कारण उन्हें समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। सबसे खराब स्थिति रेडियोलॉजी विभाग की है, जहां फैकल्टी के 13 में से 10 और सीनियर रेजिडेंट के 11 में से 9 पद रिक्त हैं।
अल्ट्रासाउंड के लिए लंबा इंतजार और दवाइयों का अभाव
पूर्व मंत्री ने जांच सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पीजीआई में प्रतिदिन लगभग 500 मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सलाह दी जाती है, लेकिन स्टाफ न होने से केवल 40% मरीजों की ही उसी दिन जांच हो पाती है। इसके अलावा अस्पताल में जरूरी दवाइयों और लैब टेक्नीशियनों की कमी के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय मरीजों को बाहर के निजी केंद्रों से महंगे टेस्ट और दवाइयां खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
बजट बढ़ा, फिर भी सुविधाएं नदारद
बजट आवंटन पर सवाल उठाते हुए बत्रा ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए हेल्थ साइंसेज यूनिवर्सिटी और पीजीआईएमएस को ₹1,232 करोड़ का बजट दिया गया है, जो पिछले साल के मुकाबले ₹422 करोड़ ज्यादा है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर मरीजों की परेशानी कम नहीं हुई है। उन्होंने अक्टूबर महीने में अस्पताल की पुरानी इमारत की छत का प्लास्टर गिरने की दो घटनाओं का हवाला देते हुए मरीजों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए।
सरकार के सामने रखीं चार प्रमुख मांगें
कांग्रेस की ओर से सुभाष बत्रा ने सरकार से पीजीआई की स्थिति पर श्वेत पत्र (White Paper) जारी करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने सभी खाली पदों पर जल्द भर्ती करने, दवाइयों के स्टॉक का ब्यौरा सार्वजनिक करने, जांच सुविधाओं का विस्तार करने और अस्पताल की पुरानी इमारतों का तुरंत सुरक्षा ऑडिट (Safety Audit) कराने की मांग उठाई है।




