रोहतक: विजिलेंस जांच रुकवाने के लिए शपथ पत्र पर फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप, महम पंचायत समिति चेयरमैन के खिलाफ केस दर्ज

रोहतक की महम पंचायत समिति की वाइस चेयरपर्सन निशू रानी की शिकायत पर पुलिस ने चेयरमैन नवनीत राठी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

रोहतक: विजिलेंस जांच रुकवाने के लिए शपथ पत्र पर फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप, महम पंचायत समिति चेयरमैन के खिलाफ केस दर्ज
Image source (Bhaskar)

रोहतक: जिले की महम पंचायत समिति में भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच फर्जीवाड़े का एक नया मामला सामने आया है। समिति की वाइस चेयरपर्सन निशू रानी की शिकायत पर आर्य नगर थाना पुलिस ने पंचायत समिति चेयरमैन नवनीत राठी के खिलाफ केस दर्ज किया है। चेयरमैन पर आरोप है कि उन्होंने अपने खिलाफ चल रही विजिलेंस जांच को बंद करवाने के लिए वाइस चेयरपर्सन के फर्जी हस्ताक्षर कर शपथ पत्र विभाग में जमा करवाया।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

 शिकायतकर्ता निशू रानी के अनुसार, उन्होंने महम पंचायत समिति के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर चेयरमैन के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत मुख्यमंत्री और एंटी करप्शन ब्यूरो (पंचकूला) को भेजी थी। इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मामला पंचायती राज की विजिलेंस विंग को सौंपा गया। 3 नवंबर 2025 को निशू रानी ने विजिलेंस विंग के समक्ष पेश होकर अपने बयान भी दर्ज करवाए थे।

कुछ समय बाद जब उन्होंने जांच की प्रगति जाननी चाही, तो पहले रिकॉर्ड न मिलने की बात कही गई और बाद में सूचित किया गया कि जांच बंद कर दी गई है। जांच बंद होने का कारण पूछने पर अधिकारियों ने बताया कि शिकायत वापस लेने से जुड़ा एक शपथ पत्र प्राप्त होने के बाद कार्रवाई रोकी गई है।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक में साइबर ठगों का नया पैंतरा: ईराक-इजराइल युद्ध के दौरान कतर में फंसे युवक की इंस्टाग्राम आईडी हैक, फर्जी फोटो लगाकर मांगे जा रहे पैसे

नोटरी की भूमिका पर भी उठाए सवाल

निशू रानी ने जब चंडीगढ़ कार्यालय से उस शपथ पत्र की प्रति निकलवाई, तो उनके होश उड़ गए। शपथ पत्र पर उनके नाम से हस्ताक्षर किए गए थे, जबकि उन्होंने ऐसा कोई दस्तावेज तैयार ही नहीं कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दस्तावेज पर नोटरी की मुहर भी लगी हुई है, जो बिना उनकी मौजूदगी और सत्यापन के लगाई गई है।

वित्तीय शक्तियां छीनने की मांग, पुलिस जांच शुरू

वाइस चेयरपर्सन ने आरोप लगाया है कि चेयरमैन नवनीत राठी ने अपनी वित्तीय शक्तियों का दुरुपयोग कर पंचायत समिति को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है और इसी जांच से बचने के लिए फर्जी दस्तावेज का सहारा लिया। उन्होंने चेयरमैन की वित्तीय शक्तियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

वहीं, आर्य नगर थाना पुलिस का कहना है कि वाइस चेयरपर्सन की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चेयरमैन को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक पुलिस प्रशासन में बड़ी कार्रवाई: रिहान हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर सिटी थाना SHO सस्पेंड