रोहतक पुलिस प्रशासन में बड़ी कार्रवाई: रिहान हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर सिटी थाना SHO सस्पेंड
रोहतक पुलिस विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए सिटी थाना प्रभारी (एसएचओ) रमेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
रोहतक पुलिस विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए सिटी थाना प्रभारी (एसएचओ) रमेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) हामिद अख्तर के आदेश पर हुई इस कार्रवाई के बाद एसएचओ को लाइन हाजिर किया गया है। बताया जा रहा है कि बहुचर्चित रिहान हत्याकांड की जांच और कार्रवाई में सामने आई गंभीर चूक के कारण यह सख्त कदम उठाया गया है।
एसपी ने की कार्रवाई की पुष्टि
रोहतक के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव राजपुरोहित ने एसएचओ के निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई आईजी के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की गहन समीक्षा की जा रही है और आगे की विभागीय कार्रवाई नियमों के तहत अमल में लाई जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले मई महीने में भी फसल चोरी की शिकायत पर लापरवाही बरतने के आरोप में महम थाना प्रभारी रविंद्र कुमार और एक हवलदार को निलंबित किया गया था।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक के गांव मोखरा में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की सुरक्षा में तैनात पीएसओ प्रदीप ने देर रात अपने घर की छत पर बने कमरे में सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
क्या था 1700 रुपये के विवाद का पूरा मामला?
यह पूरा प्रकरण सिटी थाना क्षेत्र की कबीर कॉलोनी से जुड़ा है, जहां 4 अक्टूबर को 27 वर्षीय युवक रिहान उर्फ कालू की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिवार के अनुसार, रिहान अपनी स्कूटी पर सवार होकर परचून की दुकान से सामान लेने निकला था। रास्ते में चार-पांच युवकों ने उसे रोक लिया और 1700 रुपये की मांग करने लगे। रिहान ने एक-दो दिन में पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन हमलावर नहीं माने और विवाद शुरू कर दिया। झगड़े के बीच एक आरोपी पास ही स्थित चिकन शॉप से मुर्गा काटने वाला चाकू ले आया और रिहान पर हमला कर उसकी जान ले ली।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक: छठ पूजा के दौरान युवक की चाकू मारकर हत्या, परिजनों का आरोप-पुलिस देखती रही, नहीं मिली एम्बुलेंस
पुराने विवाद और नामजद आरोपी
परिजनों ने इस हत्याकांड के लिए अजीज, आरीफ, सलीम मार्चरी, आशीष और कालू को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस में नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार का यह भी कहना था कि हत्या से एक रात पहले भी आरोपियों ने रिहान के साथ झगड़ा कर उस पर हमला करने का प्रयास किया था। हालांकि पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी फारुक समेत अन्य संदिग्धों को पहले गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन जांच प्रक्रिया में रही खामियों की गाज अब थाना प्रभारी पर गिरी है।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक में भ्रष्टाचार के खिलाफ फूटा गुस्सा: जिला परिषद कार्यालय पर पार्षदों ने जड़ा ताला, अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान




