रोहतक पत्नी हत्याकांड: आरोपी पति नरेश उर्फ नीशू 4 दिन की पुलिस रिमांड पर, हथियार की तलाश जारी
रोहतक जिले के मोखरा छाज्याण गांव में अपनी पत्नी मीना की हत्या करने के आरोपी पति नरेश उर्फ नीशू पहलवान को पुलिस ने चार दिन के रिमांड पर लिया है।
रोहतक जिले के मोखरा छाज्याण गांव में अपनी पत्नी मीना की हत्या करने के आरोपी पति नरेश उर्फ नीशू पहलवान को पुलिस ने चार दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ करेगी और आज घटनास्थल पर ले जाकर निशानदेही कराएगी, ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार को बरामद किया जा सके। इसके साथ ही पुलिस वारदात के पीछे के वास्तविक कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
नशे की लत और रोजाना के झगड़ों का आरोप
बहादुरगढ़ निवासी मृतका मीना के भाई अजय (पुत्र लाखराम) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे तीन भाई-बहन हैं। उनकी बड़ी बहन रीना और छोटी बहन मीना का विवाह मोखरा गांव के सगे भाइयों कुलदीप और नरेश के साथ हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार, रीना अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन बिता रही है, लेकिन शादी के लगभग डेढ़ वर्ष बाद से ही मीना के साथ मारपीट की घटनाएं शुरू हो गई थीं। अजय ने आरोप लगाया कि मीना का पति नरेश उर्फ नीशू शराब और अफीम का आदी था तथा नशे की हालत में अक्सर मीना के साथ विवाद और मारपीट करता था। इसी तनाव और झगड़े के बीच नरेश ने मीना की हत्या कर दी।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक छठ घाट मर्डर केस: 2 नाबालिगों समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, घटना का वीडियो देने वाले को 31 हजार रुपये इनाम देगी पूर्वांचल समिति
खून से सना मिला था शव
अजय के मुताबिक, जब वह अपने पिता लाखराम के साथ बहादुरगढ़ से मोखरा गांव पहुंचे, तो मीना बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिली और आरोपी घटनास्थल से फरार हो चुके थे। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि यदि पहले पुलिस ने उनकी शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई की होती और वे मीना को दोबारा ससुराल न भेजते, तो शायद आज वह जीवित होती।
अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस जांच के मुताबिक, रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही एफआईआर में दर्ज अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि मोखरा गांव में पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी नरेश को हिरासत में लेकर चार दिन के रिमांड पर लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा कर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें:- भाई का छलका दर्द- 'ससुराल न भेजते तो बच जाती बहन', 17 वर्षीय बेटे समेत 7 पर केस दर्ज




