रोहतक में साइबर ठगों का नया पैंतरा: ईराक-इजराइल युद्ध के दौरान कतर में फंसे युवक की इंस्टाग्राम आईडी हैक, फर्जी फोटो लगाकर मांगे जा रहे पैसे

रोहतक के गांव मायना निवासी सुरेंद्र उर्फ काला मायना की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर साइबर ठगों ने उसकी फोटो के साथ फर्जी अकाउंट तैयार कर लिया है।

रोहतक में साइबर ठगों का नया पैंतरा: ईराक-इजराइल युद्ध के दौरान कतर में फंसे युवक की इंस्टाग्राम आईडी हैक, फर्जी फोटो लगाकर मांगे जा रहे पैसे
Image source (Bhaskar)

रोहतक: साइबर अपराधी अब सोशल मीडिया पर चर्चित चेहरों और आम युवाओं को निशाना बनाकर ठगी का जाल बुन रहे हैं। ताजा मामला रोहतक के गांव मायना का है, जहां रहने वाले सुरेंद्र उर्फ काला मायना की इंस्टाग्राम आईडी को हैक कर लिया गया है। शातिर ठगों ने सुरेंद्र के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर एक फर्जी प्रोफाइल तैयार की है, जिसके जरिए उसके दोस्तों और परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग की जा रही है।

लाइव आकर की अपील: झांसे में न आएं परिचित

 अकाउंट हैक होने और फर्जी आईडी से पैसे मांगे जाने की भनक लगते ही सुरेंद्र ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने परिचितों को आगाह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की आर्थिक मदद के लिए उन्होंने कोई संदेश नहीं भेजा है। सुरेंद्र ने लोगों से अपील की कि वे फर्जी इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट्स से सतर्क रहें, किसी भी अनजान नंबर या लिंक पर पैसे ट्रांसफर न करें और संदिग्ध आईडी को तुरंत रिपोर्ट कर ब्लॉक करें। उन्होंने कहा कि किसी के भी नाम से पैसे मांगने का मैसेज आने पर पहले संबंधित व्यक्ति को फोन कर पुष्टि जरूर करें।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक पीजीआई नर्सिंग कॉलेज को बड़ा झटका: फैकल्टी की कमी के चलते लगातार दूसरे साल INC की मान्यता सूची से बाहर

कतर में फंसने के दौरान सुर्खियों में आया था सुरेंद्र

 गौरतलब है कि सुरेंद्र उर्फ काला मायना इसी साल मार्च महीने में ईराक-इजराइल तनाव के दौरान दोहा (कतर) में फंस गए थे। उस समय उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी स्थिति साझा की थी, जिसके बाद वे काफी चर्चा में रहे थे। इस दौरान हरियाणा के वरिष्ठ नेता अनिल विज से भी उनकी बातचीत हुई थी और सरकारी प्रयासों के बाद वे सकुशल स्वदेश लौट पाए थे।

साइबर क्राइम पुलिस ने शुरू की ट्रेसिंग

 मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस के अनुसार, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर ठगी के प्रयास की शिकायत प्राप्त हुई है। साइबर क्राइम टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फर्जी आईडी चलाने वाले आरोपियों की लोकेशन और आईपी एड्रेस ट्रेस कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

इसे भी पढ़ें:-  हरियाणा के 87 नगर निकायों में बनेंगी स्मार्ट रोड, एकरूप और आधुनिक डिजाइन में तैयार होंगे कम्युनिटी सेंटर