रोहतक मर्डर केस: पत्नी के हत्यारोपी पहलवान को लेकर आज गांव पहुंचेगी पुलिस, क्राइम सीन होगा रीक्रिएट
रोहतक के मोखरा छाज्याण गांव में अपनी पत्नी मीना की बेरहमी से हत्या करने वाले आढ़ती व पहलवान नरेश उर्फ नीशू को पुलिस आज रविवार को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का सीन रीक्रिएट करेगी।
रोहतक: जिले के मोखरा छाज्याण गांव में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के आरोपी आढ़ती एवं पहलवान नरेश उर्फ नीशू की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चार दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी को लेकर थाना बहुअकबरपुर पुलिस आज रविवार को गांव स्थित घटनास्थल पर जाएगी। पुलिस यहां आरोपी की निशानदेही पर पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएट करेगी, ताकि हत्या की कड़ियों को आपस में जोड़ा जा सके।
हिसार तक खाक छान चुकी है पुलिस, नहीं मिली रॉड
पुलिस के लिए फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार (लोहे की रॉड) को बरामद करना है। पूछताछ में सामने आया है कि 19 नवंबर को हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नरेश हिसार की ओर भाग निकला था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस की टीम आरोपी को लेकर हिसार के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे चुकी है, लेकिन अभी तक आला-ए-कत्ल बरामद नहीं हो पाया है।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक हत्याकांड: भाई का छलका दर्द- 'ससुराल न भेजते तो बच जाती बहन', 17 वर्षीय बेटे समेत 7 पर केस दर्ज
बेरहमी से की गई थी हत्या, शरीर की कई हड्डियां थी टूटी
गौरतलब है कि 19 नवंबर को मोखरा छाज्याण निवासी नरेश उर्फ नीशू पहलवान ने अपनी पत्नी मीना पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। वारदात की सूचना मिलने पर जब मृतका के भाई अजय और पिता लाखराम बहादुरगढ़ से गांव पहुंचे, तो घर के अंदर का मंजर देख उनके होश उड़ गए। मीना का शव बेड पर खून से लथपथ पड़ा था और आरोपी घर से फरार थे। परिजनों के अनुसार, हत्या इतनी बेरहमी से की गई थी कि मृतका के शरीर की अधिकांश हड्डियां टूट चुकी थीं।
क्या कहना है पुलिस का
मृतका के भाई अजय की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेश और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात वाली रात ही नरेश को दबोच लिया था। थाना बहुअकबरपुर के एसएचओ जसबीर सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है। हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं और आज आरोपी को गांव ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट करवाया जाएगा, जिसके बाद जल्द ही पूरे मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक पुलिस प्रशासन में बड़ी कार्रवाई: रिहान हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर सिटी थाना SHO सस्पेंड




