रोहतक -मात्र 1700 रुपये के उधार विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा के रोहतक की कबीर कॉलोनी में 4 अक्टूबर को महज 1700 रुपये के परचून के उधार को लेकर हुए विवाद में 27 वर्षीय रिहान उर्फ कालू की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।

 4
रोहतक -मात्र 1700 रुपये के उधार विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मृतक रिहान उर्फ कालू.
रोहतक में ₹1700 के मामूली विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा
हरियाणा (रोहतक): रोहतक की कबीर कॉलोनी से एक बेहद ही हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ मात्र 1700 रुपये के किराना सामान के उधार के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक 27 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रिहान उर्फ कालू (पुत्र मुमताज) के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
परचून की दुकान के पैसे मांगने पर हुआ विवाद

मृतक कालू के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, कालू ने स्थानीय परचून की दुकान से कुछ घरेलू सामान उधार लिया था, जिसके 1700 रुपये बकाया थे। 4 अक्टूबर को दोपहर के समय जब कालू अपनी स्कूटी पर दोबारा सामान लेने के लिए निकला, तो रास्ते में 4-5 लोगों ने उसे घेर लिया और तुरंत पैसों की मांग करने लगे। कालू ने जब एक-दो दिन का समय मांगा, तो आरोपी भड़क गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक आरोपी पास ही की चिकन शॉप से मुर्गा काटने वाला तेजतर्रार चाकू उठा लाया और कालू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
परिजनों ने लगाया पुरानी रंजिश और घेरकर मारने का आरोप

कालू के परिजनों ने इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश का भी अंदेशा जताया है। उनका कहना है कि घटना से पहली रात को भी आरोपियों ने कालू के साथ झगड़ा किया था और उस पर हमला करने की कोशिश की थी। परिजनों ने पुलिस में दर्ज शिकायत में फारुक के अलावा आरीफ, सलीम मार्चरी, आशीष और कालू नाम के युवकों को नामजद किया है, जिन्होंने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
सिटी थाना के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर (SI) संदीप कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मुख्य आरोपी फारुक (पुत्र सलीम) को काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया मुर्गा काटने वाला चाकू (हथियार) भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी फारुक को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
इस घटना के बाद से कबीर कॉलोनी में तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार का रोहतक पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में रो-रोकर बुरा हाल है।