MDU के बाहर छात्र संगठनों ने फूंका VC का पुतला:पद से हटाने की मांग, बोले-महिला प्रोफेसर के उत्पीड़न को दरकिनार कर रही सरकार
रोहतक में स्थित महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के बाहर छात्र संगठनों ने वीसी प्रो. राजबीर सिंह के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए नारेबाजी की। छात्र संगठनों ने वीसी और सरकार का पुतला फूंका। साथ ही सरकार से मांग की है कि वीसी प्रो. राजबीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पद से हटाया जाए।
रोहतक में स्थित महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के बाहर छात्र संगठनों ने वीसी प्रो. राजबीर सिंह के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए नारेबाजी की। छात्र संगठनों ने वीसी और सरकार का पुतला फूंका। साथ ही सरकार से मांग की है कि वीसी प्रो. राजबीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पद से हटाया जाए। शहीद भगत सिंह छात्र संगठन के अध्यक्ष प्रदीप मोटा ने कहा कि वीसी प्रो. राजबीर सिंह के खिलाफ छात्र संगठन ही नहीं, शिक्षक और गैर शिक्षक भी गंभीर आरोप लगा रहे है।
बावजूद इसके सरकार वीसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही। महिलाओं से पीरियड्स के सबूत मांगने के मामले को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। महिला प्रोफेसर ने लगाए गंभीर आरोप छात्र नेता प्रदीप मोटा ने कहा कि एमडीयू की महिला प्रोफेसर ने वीसी पर उत्पीड़न के आरोप लगाए है, लेकिन सरकार उन्हें भी दरकिनार कर रही है। एमडीयू प्रशासन द्वारा बनाई गई कमेटी से न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती।
महिला उत्पीड़न मामले में निष्पक्ष जांच के लिए सिटिंग जज के नेतृत्व में कमेटी बननी चाहिए। छात्र, शिक्षक व गैर शिक्षक सड़कों पर उतरे छात्र नेता प्रदीप मोटा ने कहा कि आज एमडीयू में वीसी के खिलाफ छात्र संगठन, शिक्षक वर्ग और गैर शिक्षक वर्ग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे है। लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। वीसी राजबीर सिंह को तुरंत पद से हटाकर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन रोकने के लिए पहुंची पुलिस छात्र संगठनों के प्रदर्शन को रोकने के लिए पीजीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भारी संख्या में पुलिस बल एमडीयू गेट पर तैनात किया गया। छात्र संगठनों ने जब गेट के बाहर प्रदर्शन करना चाहा तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया और गिरफ्तार करने की बात कही। इसके बाद छात्र संगठनों ने चौक पर सरकार और एमडीयू वीसी का पुतला फूंका।




