रोहतक होटल हत्याकांड में बड़ा खुलासा: सनी रिटोलिया की महिला मित्र निकली 'मुखबिर', इशारा मिलते ही शूटरों ने 4 को भूना
रोहतक स्थित मिलन होटल में हुए चौहरे हत्याकांड की जांच में सनसनीखेज मोड़ आ गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात की रेकी सनी रिटोलिया के साथ आई एक युवती ने की थी।
रोहतक: शहर के मिलन होटल (ढाबे) में गुरुवार सुबह हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस पूरी वारदात की पटकथा एक युवती के जरिए लिखी गई थी, जो सनी रिटोलिया के साथ होटल पहुंची थी।
कैसे रची गई मौत की साजिश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सनी रिटोलिया अपने तीन साथियों- विनीत, रिंकू और यश से मुलाकात करने के लिए एक युवती के साथ मिलन होटल आया था। जब सभी लोग साथ बैठकर खाना खा रहे थे, तभी युवती लगातार किसी को फोन कॉल और मैसेज करने लगी। युवती की संदिग्ध गतिविधियों को भांपकर सनी को अनहोनी का शक हुआ और वह कोई बहाना बनाकर तुरंत वहां से निकल गया।
सनी के जाते ही हिमांशु भाऊ गैंग के पांच हथियारबंद शूटर होटल के भीतर दाखिल हुए और खाना खा रहे विनीत, रिंकू तथा यश पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक STF की बड़ी कार्रवाई: गोहाना में मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, एक अन्य गिरफ्तार
गलतफहमी में गई चौथे युवक की जान
गोलीबारी के दौरान पास की ही एक अन्य टेबल पर बैठा हिमांशु नाम का युवक जान बचाने के लिए घबराकर सीढ़ियों की ओर भागा। युवती ने उसे भागते देखा तो शूटरों को उस पर भी गोली चलाने का इशारा कर दिया। हमलावरों ने पीछा करते हुए होटल की ऊपरी गैलरी में हिमांशु को भी गोलियों से छलनी कर दिया। बताया जा रहा है कि लंबे बालों के कारण हमलावरों को उसके सनी गैंग से जुड़े होने का भ्रम हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद युवती भी हमलावरों के साथ ही मौके से फरार हो गई। मृतक हिमांशु के परिजनों ने भी इस घटनाक्रम की पुष्टि की है।
पुलिस की कार्रवाई तेज, 10 टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने होटल और आसपास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, ताकि शूटरों और युवती की पहचान की जा सके। आरोपियों की धरपकड़ के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया गया है और सूत्रों के मुताबिक कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक में देर रात सनसनीखेज वारदात: शादी से लौट रहे तीन युवकों को दो गाड़ियों से घेरकर लाठी-डंडों से पीटा
भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी, दी खुली धमकी
इस खूनी खेल के बाद हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है। गैंग ने दावा किया है कि यह वारदात 'रोहित बजरंग' और 'सोनू डीघल' की हत्या का बदला लेने के लिए की गई है।
पोस्ट में विरोधी गैंग को खुली चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि किसी की गाड़ी में बैठने या साथ रहने से पहले उसकी दुश्मनी के बारे में पता कर लेना चाहिए। पोस्ट में सनी और उसके भाई को संबोधित करते हुए धमकी दी गई है कि वे खुद को सुरक्षित न समझें, पहले उन्हें उनके करीबियों की लाशें दिखाई जाएंगी और अंत में उनका नंबर आएगा। इस पोस्ट के अंत में अमन बंटी डीघल, रवि राठी गंगनौली और भाऊ गैंग का नाम लिखा गया है।
इसे भी पढ़ें:-रोहतक पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का आयोजन, जवानों को सिखाए गए दंगा निरोधक उपकरण चलाने के गुर




