रोहतक में देर रात सनसनीखेज वारदात: शादी से लौट रहे तीन युवकों को दो गाड़ियों से घेरकर लाठी-डंडों से पीटा

रोहतक के महम क्षेत्र स्थित गांव सैमाण के सरकारी स्कूल के पास शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की थार गाड़ी को सफेद स्कॉर्पियो और ग्रे कार से दोनों तरफ से घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया गया।

रोहतक में देर रात सनसनीखेज वारदात: शादी से लौट रहे तीन युवकों को दो गाड़ियों से घेरकर लाठी-डंडों से पीटा

रोहतक जिले के महम इलाके में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे तीन युवकों पर हथियारबंद बदमाशों ने घात लगाकर हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर महम थाना पुलिस ने दो नामजद और 11 अज्ञात आरोपियों समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

भैणी सुरजन गांव के निवासी रोहित ने पुलिस को दी अपनी लिखित शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्तों अजय और मोनू के साथ सैमाण गांव में एक शादी में शरीक होने गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तीनों युवक अपनी थार गाड़ी में सवार होकर वापस अपने गांव भैणी सुरजन की ओर आ रहे थे। रात करीब 2:20 बजे जब उनकी गाड़ी सैमाण गांव के सरकारी स्कूल के नजदीक पहुंची, तभी अचानक एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने आगे आकर उनका रास्ता रोक लिया।

इसे भी पढ़ें:-  रोहतक में साइबर ठगों का नया पैंतरा: ईराक-इजराइल युद्ध के दौरान कतर में फंसे युवक की इंस्टाग्राम आईडी हैक, फर्जी फोटो लगाकर मांगे जा रहे पैसे

शिकायत के मुताबिक, स्कॉर्पियो में भराण गांव का रहने वाला रवि उर्फ लांडा और उसके छह-सात साथी सवार थे। गाड़ी रुकते ही इन लोगों ने नीचे उतरकर लाठी-डंडों से तीनों युवकों पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से घबराकर रोहित ने अपनी जान बचाने के लिए थार गाड़ी को वहां से भगाने का प्रयास किया, लेकिन आगे एक ग्रे रंग की दूसरी कार ने उनका रास्ता अवरुद्ध कर दिया।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक में पानी की किल्लत होगी दूर: तिलियार झील के पास ₹210 करोड़ की लागत से बनेगा नया जलघर, 8 गांवों को मिलेगा स्वच्छ नहरी पानी

बताया गया है कि दूसरी कार में भैणी सुरजन गांव का ही निवासी मनीष और उसके तीन-चार अन्य साथी मौजूद थे, जिन्होंने दोनों तरफ से घेराबंदी कर युवकों के साथ जमकर मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार हो गए। महम पुलिस ने पीड़ित रोहित के बयान के आधार पर रवि उर्फ लांडा, मनीष और 11 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

इसे भी पढ़ें:- ₹1,232 करोड़ के बजट के बाद भी 'बीमार' है पीजीआई रोहतक: 41.6% डॉक्टरों के पद खाली, पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने सरकार से मांगा श्वेत पत्र