रोहतक STF की बड़ी कार्रवाई: गोहाना में मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, एक अन्य गिरफ्तार
सोनीपत के गोहाना क्षेत्र में बुधवार रात रोहतक STF टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। खेड़ी दमकन-रभड़ा रोड पर हुई इस फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी
सोनीपत जिले के गोहाना इलाके में बुधवार रात रोहतक एसटीएफ की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। खेड़ी दमकन-रभड़ा मार्ग पर दोनों ओर से हुई फायरिंग में रभड़ा गांव के दो युवकों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें घायल अवस्था में काबू कर लिया गया। वहीं, पुलिस टीम ने मौके से उनके एक तीसरे साथी को भी गिरफ्तार किया है।
रात करीब 9 बजे हुई मुठभेड़
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार 25 नवंबर की रात लगभग 9 बजे सब-इंस्पेक्टर मंदीप की अगुवाई में रोहतक एसटीएफ की टीम खेड़ी दमकन-रभड़ा रोड पर तैनात थी। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बदमाश किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। जब एसटीएफ ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी गोलियां चलाई गईं।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक में देर रात सनसनीखेज वारदात: शादी से लौट रहे तीन युवकों को दो गाड़ियों से घेरकर लाठी-डंडों से पीटा
घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती, एक साथी दबोचा
मुठभेड़ के दौरान रभड़ा गांव निवासी राहुल उर्फ नन्हा और विकास उर्फ विक्की के पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। इसके अलावा, मौके से रभड़ा निवासी कृष्ण नामक एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
मुठभेड़ की खबर मिलते ही सदर थाना गोहाना के एसएचओ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इसे भी पढ़ें:- रोहतक की ‘निपुण वाटिका’ को मिला राष्ट्रीय सम्मान: प्रारंभिक शिक्षा में नवाचार के लिए जीता स्कॉच अवार्ड-2026




