हरियाणा में कल से शुरू होंगी इग्नू की दिसंबर 2026 परीक्षाएं, 1.69 लाख विद्यार्थियों के साथ 1,492 कैदी भी होंगे शामिल
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होकर 14 जनवरी 2027 तक चलेंगी।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षाएं कल यानी 25 नवंबर से प्रारंभ होने जा रही हैं, जो 14 जनवरी 2027 तक चलेंगी। करनाल स्थित इग्नू क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार, इस बार हरियाणा राज्य से कुल 1,69,046 परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल के तहत प्रदेश की विभिन्न जेलों में बंद 1,492 कैदी भी ये परीक्षाएं देंगे। इनमें से अधिकांश कैदी ग्रेजुएशन (स्नातक) स्तर के पाठ्यक्रमों की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें:- सरकारी खजाने पर साइबर अटैक का खतरा: हरियाणा में लागू हुए 4 सख्त नियम, 15 दिन में रिपोर्ट न देने पर रुकेगा भुगतान
10 जिलों में बनाए गए 30 केंद्र, 11 जेलों में भी व्यवस्था
परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए हरियाणा के 10 जिलों—भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, सोनीपत, पानीपत और रोहतक में कुल 30 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 11 केंद्र विभिन्न जेलों के भीतर बनाए गए हैं। अकेले करनाल जिले में 3 परीक्षा केंद्र—जिला जेल करनाल, बुद्धा कॉलेज और विनायक पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थापित किए गए हैं।
दो सत्रों में होगी परीक्षा, हॉल टिकट और आईडी कार्ड अनिवार्य
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. धर्म पाल ने जानकारी दी कि परीक्षाएं प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित की जाएंगी:
-
पहला सत्र: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक
-
दूसरा सत्र: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
इसे भी पढ़ें:- नियमितीकरण की मांग पर 12 हजार गेस्ट टीचर्स का हल्ला बोल, 24 नवंबर को मनाएंगे ‘तानाशाही दिवस’, 90 विधायकों को सौंपेंगे ज्ञापन
परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट (www.ignou.ac.in) या 'समर्थ पोर्टल' से अपने हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन अपना हॉल टिकट और वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाएं तथा निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।
अधिकारियों के लिए विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए क्षेत्रीय केंद्र की ओर से परीक्षा नियंत्रकों और कर्मचारियों के लिए एक विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों को परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित प्राप्ति व वितरण, उत्तर पुस्तिकाओं के सही रखरखाव, रिकॉर्ड संधारण और विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं
इसे भी पढ़ें:- हरियाणा की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल तय! चीफ सेक्रेटरी समेत 3 वरिष्ठ IAS अधिकारी होंगे रिटायर




