रोहतक की गुरुनानकपुरा कॉलोनी में 2 साल से दूषित पानी की सप्लाई, निवासियों ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम

रोहतक के वार्ड-7 स्थित गुरुनानकपुरा कॉलोनी के निवासी पिछले दो साल से गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई से जूझ रहे हैं, जिससे लोगों में बीमारियां फैल रही हैं।

रोहतक की गुरुनानकपुरा कॉलोनी में 2 साल से दूषित पानी की सप्लाई, निवासियों ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
Image source (Bhaskar)

हतक के वार्ड-7 स्थित गुरुनानकपुरा कॉलोनी में पिछले दो साल से गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई होने से स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि जनस्वास्थ्य विभाग और नगर निगम अधिकारियों को सैकड़ों बार शिकायत देने तथा निगम हाउस की बैठक में मुद्दा उठने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। हर बार अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन ही दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक में साइबर ठगों का नया पैंतरा: ईराक-इजराइल युद्ध के दौरान कतर में फंसे युवक की इंस्टाग्राम आईडी हैक, फर्जी फोटो लगाकर मांगे जा रहे पैसे

कॉलोनी निवासी परविंद्र जैन ने बताया कि घरों में आ रहा दूषित पानी पीने तो दूर, घरेलू कामों के लिए भी इस्तेमाल करने लायक नहीं है। इस गंदे पानी के कारण कॉलोनी के लोग बीमार पड़ रहे हैं और कई निवासी त्वचा संबंधी रोगों की चपेट में आ चुके हैं। परविंद्र जैन के अनुसार, इस समस्या को लेकर विभाग के जेई, एसडीओ और एक्सईएन को कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं और वह स्वयं 3 से 4 बार एसडीओ कार्यालय में धरना भी दे चुके हैं, लेकिन परिणाम शून्य रहा है।

अब निवासियों ने जनस्वास्थ्य विभाग को समस्या के समाधान के लिए 7 दिन का अंतिम अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समाधान नहीं हुआ, तो वे सीएम विंडो और मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज करवाएंगे तथा विभाग के कार्यालय पर शांतिपूर्ण धरना और घेराव करेंगे। कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि सप्लाई पाइपलाइन की जांच कर जंग लगी और लीक हो रही पाइपों को तुरंत बदला जाए, पानी की टंकियों की सफाई करवाई जाए और स्थायी समाधान होने तक टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

इसे भी पढ़ें:-  PGIMS Rohtak के छठे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे CJI सूर्यकांत, 900 छात्रों को मिलेंगी डिग्रियां

इस मामले पर वार्ड-7 के पार्षद कपिल नागपाल ने भी कॉलोनीवासियों की मांग को जायज ठहराया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं और अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपा जा चुका है। पार्षद ने आश्वासन दिया कि वे पूरी तरह कॉलोनीवासियों के साथ खड़े हैं; पहले वे अधिकारियों से इस विषय पर वार्ता करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर निवासियों के साथ मिलकर विभाग के कार्यालय में धरना भी देंगे।

इसे भी पढ़ें:- रोहतक: विजिलेंस जांच रुकवाने के लिए शपथ पत्र पर फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप, महम पंचायत समिति चेयरमैन के खिलाफ केस दर्ज